तमिलनाडु में नई राजनीतिक पारी की शुरुआत,विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

Front-Page National

चेन्नई: अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हुई, जहां पहली बार द्रविड़ राजनीति की पारंपरिक दो बड़ी पार्टियां सत्ता से बाहर हो गईं।

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता, फिल्म जगत की हस्तियां और विजय के परिवार के सदस्य मौजूद रहे। तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में विजय के साथ उनकी पार्टी के नौ अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण से पहले विजय ने राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें अपने संभावित मंत्रिमंडल के सदस्यों से परिचित कराया। समारोह के दौरान राहुल गांधी और विजय के बीच बातचीत भी चर्चा का विषय रही।

2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में टीवीके ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 234 में से 108 सीटें जीतकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए। हालांकि पार्टी अपने दम पर बहुमत से दूर रही, लेकिन कांग्रेस, CPI-M, CPI, वीसीके और IUML ने समर्थन देकर सरकार गठन का रास्ता साफ किया।

इन चुनावों को इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि राज्य की राजनीति में दशकों से प्रभाव रखने वाली द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) दोनों सत्ता से बाहर हो गईं।

चुनावी प्रचार के दौरान विजय की रैलियों में बड़ी भीड़ देखने को मिली। राजनीतिक विश्लेषकों ने उनकी लोकप्रियता की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री और अभिनेता एमजी रामचंद्रन से की। विजय लंबे समय से सामाजिक मुद्दों और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर मुखर रहे हैं और उनकी फिल्मों में भी राजनीतिक-सामाजिक संदेश प्रमुखता से दिखाई देते रहे हैं।

टीवीके की स्थापना 2024 में हुई थी, लेकिन विजय के राजनीति में आने की चर्चा पिछले कई वर्षों से चल रही थी। चुनाव में उन्होंने पेरंबूर और तिरुचि ईस्ट, दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है, जिनमें से एक सीट वे छोड़ेंगे।