राजस्थान के जोधपुर में गुरुवार को पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मौजूद रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भैरोसिंह शेखावत लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा और राजनीतिक शुचिता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि शेखावत ने ‘अंत्योदय’ की सोच को राजनीति और शासन के केंद्र में रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की भी सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार गांव तक पहुंचने आम लोगों से संवाद कर रही है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भैरोसिंह शेखावत ने राजनीति को समाजसेवा के माध्यम से माना और गरीब, किसान तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनकी सोच से प्रेरणा लेकर किसान, महिला, युवा और गरीबों के लिए कई योजनाएं चला रही है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि भैरोसिंह शेखावत केवल नेता नहीं, बल्कि लोगों के अभिभावक जैसे थे। उन्होंने कहा कि “व्यक्ति का चरित्र सत्ता को महान बनाता है” और बाबोसा ने अपने जीवन से इसे साबित किया।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गजेंद्र सिंह शेखावत मेड़ता पहुंचे, जहां वीर शिरोमणि राव दूदा मेड़तिया की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में नेताओं ने राजस्थान की वीर परंपरा, महिला सम्मान और राष्ट्रभक्ति पर जोर दिया।

