राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1425 किलो अवैध मादक पदार्थ, हथियार और नकदी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक तस्कर फरार बताया जा रहा है।
विकास कुमार ने बताया कि धौलपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर और हनुमानगढ़ में चलाए गए ऑपरेशन में डोडा-चूरा, हेरोइन, नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
धौलपुर में एएनटीएफ ने एक ट्रक से करीब 11 क्विंटल डोडा-चूरा बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी झारखंड से राजस्थान तक लंबा रूट बदल-बदलकर तस्करी करता था ताकि सुरक्षा एजेंसियों से बच सके। कार्रवाई के दौरान ट्रक, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए गए।
वहीं भीलवाड़ा में “ऑपरेशन मदभावन” के तहत 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर मोहनराम और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, कारतूस और 14 लाख रुपये नकद बरामद हुए। एएनटीएफ ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ‘टायर बर्स्ट’ तकनीक का इस्तेमाल किया।
बाड़मेर में एक पिकअप वाहन से 323 किलो से ज्यादा डोडा-चूरा जब्त किया गया, जबकि हनुमानगढ़ में हेरोइन और नशीली टैबलेट्स बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
विकास कुमार ने लोगों से नशे से जुड़ी सूचनाएं साझा करने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

