जयपुर में NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NTA को भंग करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय से भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने शहीद स्मारक के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पानी की बौछारें छोड़ी गईं और कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात सामने आई।
सभा को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि लगातार तीन वर्षों से NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और सरकार दोषियों को बचाने का काम कर रही है। वहीं टीकाराम जूली ने कहा कि पेपर लीक की शुरुआती जानकारी राजस्थान में सामने आने के बावजूद राज्य सरकार ने कोई FIR दर्ज नहीं की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाले इस मामले में पारदर्शी जांच और जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

