ऑपरेशन ‘लक्ष्मण रेखा’ की शुरुआत: स्कूल-कॉलेजों के 500 मीटर दायरे को नशामुक्त बनाने की पहल

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान में नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रविवार को राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य सभी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास 500 मीटर की परिधि को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है।

अभियान की शुरुआत जालौर के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत शुरू किए गए इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षित माहौल तैयार करना है।

ANTF के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के जरिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा, साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और गतिविधियों पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।

विभाग ने अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित निरीक्षण, जनजागरूकता कार्यक्रम और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से कार्रवाई की जाएगी।