नरेंद्र मोदी ने देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से पर्याप्त पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और सचेतों की मदद करने का आग्रह किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री ने लिखा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि लोग खुद को हाइड्रेट रखें और संभव हो तो प्यासे लोगों को पानी पिलाकर संवेदनशीलता दिखाएं। प्रधानमंत्री ने उन लोगों की भी सराहना की जो घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
इस बीच रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार “हीटवेव एक्शन प्लान 2026” को मिशन मोड में लागू कर रही है। इसके तहत 10 लाख से अधिक ORS पैकेट वितरित किए जा रहे हैं, मोबाइल हीट रिलीफ वैन तैनात की गई हैं और स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ शुरू किया गया है। पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और ठंडक की विशेष व्यवस्था की गई है।
उधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक हीटवेव और गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर देखा गया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी है।

