राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को अजमेर के पंचशील क्षेत्र में निर्माणाधीन साइंस पार्क का निरीक्षण किया और अधिकारियों को परियोजना का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस साइंस पार्क को शिक्षा और पर्यटन दोनों क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति की जानकारी दी, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
दिया कुमारी ने कहा कि साइंस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझने और नई तकनीकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अजमेर को एक नए शैक्षणिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में मददगार साबित हो सकती है।
परियोजना के तहत ऑडिटोरियम, प्लेनेटोरियम, प्रदर्शनी हॉल और सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां विज्ञान आधारित प्रदर्शनियों, शैक्षणिक गतिविधियों और वैज्ञानिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अजमेर दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक प्रेस वार्ता और विकास प्रदर्शनी में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जनकल्याण, बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने साइंस पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

