किसानों को पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने पर जोर,मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 14 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में आगामी खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इनके संतुलित उपयोग के लिए ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारित किया जाए, जिससे किसान की उर्वरक आवश्यकता की तथ्यात्मक जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कालाबाजारी व अवैध भंडारण के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को उर्वरकों एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे कृषकों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर सकें। साथ ही, उर्वरकों के संयमित उपयोग से उत्तम पैदावार लेने की जानकारी भी दे सकें।

उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण कर आवश्यकता अनुरूप उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाया। इस कार्य में किसान कृषि वैज्ञानिक का सहयोग लें। बैठक में कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभागीय अधिकारी तथा उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।