राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रविवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में एक साथ अभियान चलाते हुए मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 517 किलोग्राम से अधिक डोडा चूरा, गांजे के 139 पौधे, गांजा, स्मैक और अफीम बरामद की गई। छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 92 लाख रुपये बताई गई है।
ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि राज्यभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, नागौर और उदयपुर जिलों में अलग-अलग कार्रवाई की गई।
भीलवाड़ा में 517 किलो डोडा चूरा से भरा ट्रक जब्त
सबसे बड़ी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में हुई, जहां ANTF ने एक ट्रक से 517.07 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि तस्करों ने ट्रक में विशेष रूप से गुप्त चैम्बर बनाकर मादक पदार्थ छिपाए थे ताकि जांच एजेंसियों को इसकी भनक न लगे। ANTF और स्थानीय पुलिस ने गैस कटर की मदद से इन चैम्बरों को खोलकर मादक पदार्थ बरामद किया।
विकास कुमार के अनुसार, यह खेप मेवाड़ क्षेत्र से मारवाड़ ले जाई जा रही थी। यदि यह अपने गंतव्य तक पहुंच जाती तो बड़ी संख्या में लोगों तक नशा पहुंच सकता था।
करौली में गांजे के 139 पौधे बरामद
करौली जिले में ANTF को सूचना मिली थी कि एक बगीचे में बड़ी मात्रा में गांजे की खेती की जा रही है। कार्रवाई के दौरान वहां से गांजे के 139 पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 26.215 किलोग्राम बताया गया है। इस मामले में संबंधित भूमि स्वामी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बाड़मेर में दो अलग-अलग कार्रवाई
बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र में एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी के दौरान 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा और 75 ग्राम अफीम बरामद की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, धनाऊ क्षेत्र में एक कपड़ा दुकान से 448 ग्राम डोडा चूरा बरामद कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
उदयपुर में गांजा, नागौर में स्मैक बरामद
उदयपुर जिले में एक स्कूटी की तलाशी के दौरान 483.9 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और स्कूटी जब्त कर ली गई।
नागौर जिले में ANTF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7 ग्राम स्मैक बरामद की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा एक बोलेरो वाहन जब्त किया गया।
विकास कुमार की अपील
ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को एजेंसी के नियंत्रण कक्ष या व्हाट्सऐप नंबर पर साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

