राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियानों में भाग लेकर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के तहत उपमुख्यमंत्री ने ग्रीन पार्क और मुरलीपुरा क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियानों में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।
दिया कुमारी ने स्वच्छताकर्मियों का सम्मान करते हुए समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पौधारोपण करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।दोनों कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

