जयपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगानेर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविर के संबंध में फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, सड़कों की मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, भवन निर्माण स्वीकृति, सीवर कनेक्शन सहित विभिन्न बुनियादी सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को राहत प्रदान करना है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए। शिविर में पहुंचे लाभार्थी मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित नजर आए और उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, जयपुर नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

