राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश में हिंदुत्व की राजनीति अपने चरम पर पहुंच चुकी है। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS धर्म आधारित राजनीति के जरिए चुनावी सफलता हासिल कर रहे हैं।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस की “नरम नीति” के कारण ही RSS और भाजपा को विस्तार का अवसर मिला। उनका दावा था कि यदि कांग्रेस ने अतीत में सख्त रुख अपनाया होता, तो दोनों संगठन आज इतने प्रभावशाली नहीं बन पाते।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संसदीय क्षेत्र कोटा में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम को लेकर पैदा हुए विवाद पर स्पीकर को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई मंत्री सार्वजनिक रूप से अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत कर चुके हैं। वहीं, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के हालिया बयानों का हवाला देते हुए गहलोत ने कहा कि वे अक्सर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं।

