राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सात साल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर रमेश बंजारा को मध्यप्रदेश के नीमच से गिरफ्तार किया है। ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई लगातार चल रहे विशेष ऑपरेशन का हिस्सा है और अब तक फरार तस्करों के खिलाफ अभियान में यह 66वीं बड़ी सफलता है।
आईजी विकास कुमार के मुताबिक, आरोपी राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में सक्रिय था और कंबल बेचने की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। जांच में सामने आया कि वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों और रिश्तों का इस्तेमाल करता था।
ANTF की टीम ने आरोपी की गतिविधियों और पारिवारिक कड़ियों पर निगरानी रखते हुए उसके ससुराल से जुड़े सुराग जुटाए। इसके बाद विशेष रणनीति बनाकर उसे दबोचा गया।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि राज्य में नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन के सहयोग से इस नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़े अपराधियों की जानकारी ANTF को साझा करें।

