जयपुर: राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी इब्राहिम खान पठान को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का प्रमुख कड़ी माना जाता है।
राजस्थान पुलिस ने बताया कि इब्राहिम खान वर्ष 2019 में दर्ज एक मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित था। पुलिस का आरोप है कि वह तस्करों को बिना नंबर की गाड़ियां उपलब्ध कराता था और राजस्थान, गुजरात तथा महाराष्ट्र के बीच मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करता था। जांच के दौरान एएनटीएफ ने उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी क्रम में पुलिस को पता चला कि उसकी बेटी का फ्लैट गुजरात के पालनपुर में है, जिसके बाद वहां निगरानी शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि दो दिन की निगरानी के बाद टीम ने गुजरात पुलिस के सहयोग से फ्लैट पर छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय वह फ्लैट की छत पर छिपा हुआ था।
एएनटीएफ के अनुसार यह उनकी ओर से गिरफ्तार किया गया 71वां फरार तस्कर है। पुलिस ने कहा है कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

