जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन से हुए सड़क हादसे ने शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अजमेर रोड स्थित कमला नेहरू नगर इलाके में एक ट्रक की चपेट में आने से तीन बच्चों की मौत हो गई।
घटना के बाद जिला प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देश पर जयपुर शहर उत्तर के उपखंड अधिकारी घटनास्थल पहुंचे, जबकि सिविल डिफेंस की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
जिला कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
यह हाल के दिनों में जयपुर में सामने आया तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले लोहामंडी और नींदड़ मोड़ पर भी भीषण दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें कई लोगों की जान गई थी।
लगातार सामने आ रहे इन हादसों के बीच शहर में भारी वाहनों की आवाजाही, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

