राजस्थान में ANTF का बड़ा एक्शन:50-50 हजार के दो इनामी मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार,IG विकास कुमार बोले- नशा नेटवर्क पर लगातार प्रहार जारी

Jaipur Rajasthan

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्यभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए लगातार दूसरे दिन दो बड़े ऑपरेशन में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी तस्करों को गिरफ्तार किया है। ANTF के IG विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई के जरिए दक्षिण से पूर्व और पश्चिम से उत्तर तक फैले नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया है।

IG विकास कुमार के अनुसार, पहले ऑपरेशन ‘ग्रीनचॉप’ के तहत करीब पांच वर्षों से फरार 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर हड़मानाराम उर्फ हनुमानराम को फलोदी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय तक अंडमान-निकोबार में छिपा रहा। बीमारी के कारण गांव लौटने की सूचना मिलने पर ANTF ने उसे दबोच लिया।

दूसरे ऑपरेशन ‘मदगुप्तार’ में करीब एक वर्ष से फरार 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शोभाराम को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वह झालावाड़ से दौसा तक मादक पदार्थों की सप्लाई करता था और तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। ANTF को गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने रणनीतिक कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया।

IG विकास कुमार ने कहा कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी ANTF को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।