स्काईरूट की ऐतिहासिक उड़ान:भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचा,पीएम मोदी ने दी बधाई

Front-Page National

भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र ने शनिवार को एक नया इतिहास रच दिया। हैदराबाद की स्काईरूट एयरोस्पेस ने देश का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ सफलतापूर्वक लॉन्च किया, जिसने करीब 450 किलोमीटर ऊंचाई पर लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में अपने पेलोड स्थापित किए। इस उपलब्धि के साथ भारत निजी ऑर्बिटल लॉन्च क्षमता हासिल करने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो गया।

आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किए गए ‘मिशन आगमन’ के तहत 24 मीटर लंबे कार्बन-कंपोजिट रॉकेट ने अपनी सभी उड़ान प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कीं। रॉकेट में तीन सॉलिड-फ्यूल स्टेज और एक लिक्विड ऑर्बिटल एडजस्टमेंट मॉड्यूल का इस्तेमाल किया गया, जिसने अंतिम चरण में पेलोड को निर्धारित कक्षा में स्थापित किया।

इस मिशन में तकनीकी पेलोड्स के साथ बेंगलुरु स्थित कॉसमॉस डायमंड्स की कलाकृति ‘डायमंड लोटस’, 18 कैरेट सोने से बना माइक्रो-आर्ट पीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हस्तलिखित ‘वंदे मातरम्’ संदेश भी अंतरिक्ष में भेजा गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम से बातचीत कर इस सफलता पर बधाई दी। उन्होंने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा का निर्णायक क्षण बताते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी नवाचार को नई दिशा दे रही है और यह उपलब्धि युवाओं को बड़े सपने देखने तथा निर्भीक होकर नवाचार करने के लिए प्रेरित करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस सफलता को भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह मिशन अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की वैश्विक स्थिति को और मजबूत करेगा।

स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना और नागा भरत डाका ने कहा कि पहली ऑर्बिटल टेस्ट फ्लाइट से मिले आंकड़े भविष्य के वाणिज्यिक मिशनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।

‘विक्रम-1’ का नाम भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम साराभाई के सम्मान में रखा गया है। इससे पहले वर्ष 2022 में स्काईरूट ने ‘विक्रम-एस’ सब-ऑर्बिटल रॉकेट का सफल परीक्षण किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता भारत के निजी अंतरिक्ष उद्योग, निवेश और वैश्विक सैटेलाइट लॉन्च बाजार के लिए नए अवसर खोल सकती है।