नैनवां दौरे पर संभागीय आयुक्त और आईजी,जल व बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिन की समयसीमा

Jaipur Rajasthan Rajasthan-Others

नैनवां – बून्दी
एंकर: _ बूंदी जिले के नैनवां में आज संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल और आईजी हरेंद्र कुमार महावर ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

संभागीय आयुक्त और आईजी ने सबसे पहले उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद नैनवां थाना परिसर में सीएलजी बैठक आयोजित हुई, जिसमें कानून-व्यवस्था, नशे के कारोबार पर रोक और जनसमस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में दुगारी पुलिस चौकी लंबे समय से बंद होने का मुद्दा भी उठा, जिस पर स्थानीय लोगों ने स्थायी पुलिस स्टाफ की तैनाती की मांग की। व्यापार मंडल ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए शहर की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया।

इसके बाद अधिकारियों ने नगर पालिका में आयोजित शहरी सेवा फॉलो-अप शिविर और जनसुनवाई का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संभागीय आयुक्त ने पात्र लाभार्थियों के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने, आवास योजना की किस्त जारी करने और सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। इस दौरान राज्य अनुदान के पट्टों का भी वितरण किया गया।

शहर में पेयजल और बिजली व्यवस्था पर संभागीय आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जलदाय विभाग और डिस्कॉम अधिकारियों को 15 दिन के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आमजन को 72 घंटे में सिर्फ 30 मिनट पानी मिलना बेहद गंभीर स्थिति है। तय समय में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

दौरे के अगले चरण में संभागीय आयुक्त और आईजी तलवास में ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर, जनसुनवाई और रात्रि चौपाल में भी भाग लेंगे। पूरे दौरे के दौरान प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर रही।