जयपुर। राजस्थान में आगामी निकाय और पंचायत चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस महकमे में तबादलों का दौर जारी है। मंगलवार देर रात राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 123 अधिकारियों के तबादले किए गए। इसके साथ ही 48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में पोस्टिंग दी गई है।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की ओर से जारी तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। अधिकारियों को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए तुरंत जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले मंगलवार शाम राजस्थान सरकार ने 183 RAS अधिकारियों के तबादले किए थे। यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब राज्य निर्वाचन आयोग ने तीन साल से एक ही स्थान पर तैनात और गृह जिलों में पदस्थ अधिकारियों के तबादले के निर्देश दिए हैं।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव
ताजा सूची में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। नरेन्द्र कुमार को एसीपी पुलिस कंट्रोल रूम, हेमराज को एसीपी साइबर क्राइम, जेठू सिंह को एसीपी सोडाला और दिलीप कुमार मीणा को एसीपी शास्त्री नगर लगाया गया है।
संग्राम सिंह को एसीपी साइबर क्राइम, जितेन्द्र सिंह को एसीपी आदर्श नगर, कृष्णराज जांगिड़ को एसीपी चौमूं और नरेन्द्र कुमार को एसीपी महिला सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा डॉ. पूनम को एसीपी अशोक नगर, शिवदयाल बलाई को एसीपी मालवीय नगर, दीपक कुमार खंडेलवाल को एसीपी सांगानेर और धर्मेन्द्र कुमार शर्मा को एसीपी बगरू नियुक्त किया गया है।
10 अधिकारियों के तबादले रद्द
तबादला आदेश में 10 पुलिस अधिकारियों के पहले किए गए तबादले रद्द किए गए हैं। इनमें अनिल जसोरिया, अब्दुल रहमान, हजारी लाल खटाना, विजय कुमार आर्य, सुरेंद्र कुमार, मनीष कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार दायमा, सुरेंद्र कुमार, बृजेश कुमार जाटव और रमेश कुमार पारीक शामिल हैं।
48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को पोस्टिंग
तबादला सूची के साथ 48 ट्रेनी RPS अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए।
जयपुर में ओमप्रकाश गोदारा को एसीपी कोतवाली, नेहा राव को एसीपी ट्रैफिक साउथ (सेकेंड) और कमल कुमार को एसीपी ट्रैफिक नॉर्थ की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान में चुनावों से पहले प्रशासनिक स्तर पर हो रहे लगातार फेरबदल को इसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

