चित्तौड़गढ़/जयपुर, 16 अगस्त। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान राजस्थान के 15 जिलों में करीब 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात भी दी गई।
अटल गौरव स्मृति समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी ने विपक्ष में रहते हुए भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की सुरक्षा, विकास और सुशासन के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।
शाह ने कहा कि अटल सरकार ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और गांवों को सड़कों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण काम किए। उनके मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी कल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया।
राजस्थान में 64 लाख घरों तक पहुंचा नल का पानी
अमित शाह ने जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में पहले सिर्फ करीब 11 लाख घरों तक नल से पानी पहुंचता था। उनके मुताबिक, पिछले आठ वर्षों में 64 लाख घरों तक नल के जरिए पानी पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था, वहां जल जीवन मिशन ने ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव किया है।
भजनलाल सरकार के तीन जल समझौतों का जिक्र
अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि राजस्थान को लंबे समय से पानी की कमी के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन राज्य सरकार ने तीन बड़े जल समझौते किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन समझौतों से राजस्थान के करीब आधे हिस्से की पानी की जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में आए निवेश प्रस्तावों, नई नीतियों, रोजगार और गैस सिलेंडर सब्सिडी जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
‘मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं’
अमित शाह ने महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों की राष्ट्रभक्ति और स्वराज के प्रति समर्पण ने इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वंदे मातरम को लेकर विपक्ष पर निशाना
अमित शाह ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के गायन का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में इस गीत ने लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई और इसके 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे फिर व्यापक सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने अटल की विरासत और नए आपराधिक कानूनों का जिक्र किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी को महान नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में जीत से भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों से देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार हो रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में अमित शाह की भूमिका का भी उल्लेख किया।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में रिफाइनरी, ऊर्जा उत्पादन और नए एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। सरकार ने वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 अरब डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
15 जिलों में हुए विकास कार्य
कार्यक्रम के तहत जोधपुर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, कोटा, फलोदी, पाली, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, जालोर, जैसलमेर, बालोतरा, सलूंबर, डूंगरपुर, सिरोही और बूंदी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

