जयपुर:मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी,साढ़े चार घंटे की तलाशी के बाद कुछ नहीं मिला

Jaipur Rajasthan

जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम को मिले धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

सूचना मिलने पर डीसीपी साउथ राजर्षि राज सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, एटीएस और SDRF की टीमों ने करीब साढ़े चार घंटे तक परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पुलिस ने कॉल करने वाले नंबर को ट्रेस कर एक युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में धमकी भरा कॉल किया था। हालांकि, पुलिस पूछताछ के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले जुलाई 2025 में भी मुख्यमंत्री कार्यालय और जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।