राजस्थान में CAR-T Cell थेरेपी को RGHS में शामिल किया गया,गंभीर रक्त कैंसर के इलाज के लिए 30 लाख रुपये तक का पैकेज

Health Jaipur Rajasthan

राजस्थान सरकार ने गंभीर रक्त कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक CAR-T Cell थेरेपी को राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत अनुमत उपचार पैकेज में शामिल कर लिया है। सरकार ने इस इलाज के लिए अधिकतम 30 लाख रुपये तक की चार्जेबल दर तय की है।

सरकार के मुताबिक, पैकेज में CAR-T Cell के निर्माण के लिए अधिकतम 26 लाख रुपये और इलाज के दौरान सहायक देखभाल व संभावित जटिलताओं के प्रबंधन के लिए 4 लाख रुपये तक शामिल होंगे। हालांकि, भुगतान वास्तविक लागत या तय सीमा में से जो कम होगा, उसी के आधार पर किया जाएगा।

इस फैसले का लाभ RGHS के पात्र सरकारी कर्मचारियों, उनके आश्रित परिवारजनों और राजस्थान राज्य पेंशनर्स मेडिकल कन्सेशन स्कीम के तहत आने वाले पेंशनर्स को भी मिलेगा।

CAR-T Cell थेरेपी एक विशेष प्रकार की इम्यूनोथेरेपी है, जिसका इस्तेमाल कुछ तरह के ल्यूकेमिया, लिम्फोमा और मल्टीपल मायलोमा जैसे रक्त कैंसर के मामलों में किया जाता है। हालांकि, यह इलाज हर मरीज के लिए उपयुक्त नहीं है और पात्रता का फैसला विशेषज्ञ चिकित्सकों या विशेषज्ञ समिति की सलाह के आधार पर किया जाएगा।

राज्य सरकार ने यह भी कहा है कि कैंसर की महंगी दवाओं की मंजूरी से जुड़ी मेडिकल बोर्ड प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है, जिससे मरीजों को हर बार जयपुर आने की आवश्यकता न पड़े।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस फैसले को गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत बताया है।