राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की रणनीति और सरकार की उपलब्धियों को सदन में प्रभावी ढंग से रखने पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विधायकों से विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेने और राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा भविष्य के विजन को प्रमुखता से सदन में रखने की अपील की।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों और योजनाओं को प्रदेशभर में धरातल पर उतारा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में मौजूदा सरकार ने ढाई साल में अधिक काम किया है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने तथा जनता से किए वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने राजस्थान के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है और पानी, बिजली, सड़क, उद्योग तथा रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किए जा रहे हैं।
बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल तथा मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग समेत मंत्रिपरिषद के सदस्य और भाजपा विधायक मौजूद रहे।

