जयपुर में ‘नज़र’ फोटो और पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू,800 से अधिक तस्वीरों और कलाकृतियों में दिखी संस्कृति,प्रकृति और वन्यजीवन की झलक

Jaipur Rajasthan

जयपुर: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर जवाहर कला केंद्र में तीन दिवसीय ‘नज़र फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ की शुरुआत शुक्रवार को हुई। 21 से 23 अगस्त तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में राजस्थान और देश-विदेश के जनजीवन, संस्कृति, प्रकृति और वन्यजीवन पर आधारित 800 से अधिक फोटोग्राफ और पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने तस्वीरों और कलाकृतियों का अवलोकन कर कलाकारों एवं फोटोग्राफरों से उनकी रचनाओं के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक की रचनाएं शामिल

प्रदर्शनी में प्रशासनिक, पुलिस और वन सेवा से जुड़े कई अधिकारियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी, आईएएस नवीन जैन, आईएफएस अरिजीत बनर्जी, आईपीएस मृदुल कच्छावा और अन्य प्रतिभागियों की फोटोग्राफी शामिल है।

वन्यजीवन और प्रकृति से जुड़ी तस्वीरें दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पोती काश्वनि गहलोत की फोटोग्राफी और उनकी पुत्रवधू हिमांशी गहलोत की पेंटिंग भी प्रदर्शनी में शामिल की गई है।

‘फोटोग्राफी किसी क्षण और कहानी को सहेजने का माध्यम’

उद्घाटन के दौरान डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर लेने की कला नहीं, बल्कि किसी खास क्षण, भावना और कहानी को सहेजने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां कलाकारों को अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत करने का मंच देने के साथ लोगों को समाज और प्रकृति को अलग-अलग नजरिए से देखने का अवसर प्रदान करती हैं।

फोटो जर्नलिस्ट, अधिकारी और कलाकार एक मंच पर

प्रदर्शनी में फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी और पेंटिंग कलाकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की हैं। फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग और इंस्टॉलेशन आर्ट को भी प्रदर्शनी में जगह दी गई है।

सेवानिवृत्त आईएएस पवन अरोड़ा ने कहा कि तस्वीर केवल एक दृश्य नहीं होती, बल्कि उसके पीछे फोटोग्राफर की सोच और उस क्षण को देखने का नजरिया भी मौजूद होता है।

इस अवसर पर सच बेधड़क मीडिया ग्रुप के CMD पवन अरोड़ा और शकुन ग्रुप के डायरेक्टर जे.डी. महेश्वरी भी मौजूद रहे।

23 अगस्त तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

आयोजक रेणुका कुमावत के अनुसार, ‘नज़र’ प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी 23 अगस्त तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी और प्रवेश निःशुल्क है।

प्रदर्शनी के पहले दिन बड़ी संख्या में कला प्रेमी और स्कूली विद्यार्थी पहुंचे, जिन्होंने तस्वीरों और कलाकृतियों के माध्यम से संस्कृति, प्रकृति, वन्यजीवन और अलग-अलग सामाजिक विषयों को करीब से देखा।