पोकरण नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंदीलाल गुचिया भाजपा में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर स्थित सांसद सेवा केन्द्र में उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।
गुचिया करीब 11 वर्षों तक पोकरण नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने इसे पोकरण क्षेत्र में संगठन की मजबूती से जोड़कर देखा है।
‘हार भी जीत जितनी ही महत्वपूर्ण’: खेलो इंडिया संवाद में बोले शेखावत
जोधपुर में खेलो इंडिया डायलॉग-युवा संवाद के दौरान गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जीवन में हार से मिलने वाली सीख कई बार जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने युवाओं से सफलता को अंतिम मंजिल न मानने और हर असफलता के बाद नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
शेखावत ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के लिए खेल, शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति और तकनीक समेत हर क्षेत्र में प्रगति जरूरी है। उन्होंने युवाओं को देश की परिवर्तनकारी ताकत बताते हुए नशे से दूर रहने और तकनीक व सोशल मीडिया का उपयोग रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण के लिए करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सरकार अब खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानकर सहयोग देने की दिशा में काम कर रही है और 2036 ओलंपिक के लिए विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की सक्रियता जारी
नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर जोधपुर में लगातार दूसरे दिन भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षद पद के दावेदारों की सांसद सेवा केन्द्र में आवाजाही रही। शेखावत ने विभिन्न वार्डों से आए दावेदारों से स्थानीय मुद्दों और चुनावी स्थिति पर चर्चा की।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी मंथन किया गया। शेखावत ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

