जोधपुर में 67 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स बरामद,एएनटीएफ ने एक आरोपी को पकड़ा

Jodhpur Rajasthan

राजस्थान के जोधपुर जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 231 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद करने का दावा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और एक कार भी जब्त की गई है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 67 लाख रुपये बताई गई है।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी रामपाल के कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी पहले डोडा पोस्त की तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका था और बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद कथित रूप से फिर से तस्करी में शामिल हो गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश से तैयार एमडी लेकर राजस्थान के जोधपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। एएनटीएफ का दावा है कि राजस्थान में एजेंसियों की सख्ती के बाद तस्करों ने सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण और सप्लाई के लिए दूसरे राज्यों में नेटवर्क तैयार करना शुरू किया।

एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि जोधपुर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक संदिग्ध कार आ रही है। इसके बाद टीम ने बिनावास टोल के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से एमडी बरामद होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने कहा कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। एएनटीएफ अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एमडी की आपूर्ति कौन कर रहा था, इसके निर्माण के लिए कच्चा माल और केमिकल कौन उपलब्ध करा रहा था और राजस्थान में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था।