बाड़मेर: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट मंगलवार को बाड़मेर के वीरेंद्र धाम हॉस्टल पहुंचे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों के साथ नाश्ता किया और उनकी पढ़ाई, परिवार और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की।
इसी दौरान पायलट ने छात्रों से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्हें राजनीति में नहीं आना चाहिए, बल्कि पढ़ाई करके अफसर बनना चाहिए। उनकी इस बात पर पायलट और वहां मौजूद छात्र दोनों हंसने लगे।
पायलट ने छात्रों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की सलाह दी और कहा कि युवा देश और समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
‘गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बीजेपी में चल रही है’
वीरेंद्र धाम में बातचीत के दौरान पायलट से राजस्थान कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भी सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बल्कि बीजेपी में चल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर बीजेपी के दो-दो उम्मीदवार पार्टी का सिंबल लेकर सामने आ रहे हैं और सरकार अपनी पूरी ताकत लगा रही है।
पायलट ने कहा कि जोधपुर, अलवर समेत कई जगहों पर नामांकन की समय सीमा खत्म होने के बाद बीजेपी के सिंबल स्वीकार किए जाने के मामले सामने आए हैं।
उन्होंने कहा, “यह सब कैमरे में रिकॉर्ड है। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग क्या कर रहा है, यह समझ में नहीं आ रहा।”
पायलट ने निर्वाचन आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया और कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल का आकलन कर रही है और आने वाले नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। पायलट ने बाड़मेर में भी कांग्रेस के कई उम्मीदवारों के जीतने का दावा किया।
दिव्या मदेरणा के धरने पर क्या बोले पायलट?
जोधपुर के मथानिया नगरपालिका क्षेत्र में पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा के धरने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी पायलट ने उनका समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि अगर नामांकन का समय खत्म होने के बाद बीजेपी प्रत्याशियों के सिंबल स्वीकार किए गए हैं तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है। पायलट ने कहा कि पूरा मामला रिकॉर्ड में है और उम्मीद है कि जयपुर और दिल्ली में बैठे अधिकारी इस पर ध्यान देंगे।
दिव्या मदेरणा सोमवार शाम धरने पर बैठी थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि नामांकन का समय खत्म होने के बाद भी बीजेपी विधायक भैराराम सियोल रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में मौजूद थे। उनका धरना मंगलवार दोपहर समाप्त हुआ।
पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था पर चिंता
शिक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याएं युवाओं के लिए चिंता का विषय हैं।
उन्होंने सर्वर डाउन होने के कारण परीक्षार्थियों को हुई परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक और नंबरिंग में गड़बड़ी जैसी घटनाओं से युवाओं को बड़ा झटका लगता है।पायलट ने कहा कि इस दिशा में व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम करने की जरूरत है।
किसान नेता की प्रतिमा का अनावरण
सचिन पायलट अपने बाड़मेर और बालोतरा दौरे के दौरान धोरीमन्ना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अणदाणियों की ढाणी पहुंचे, जहां उन्होंने किसान नेता और पूर्व प्रधान गोरधन राम कड़वासरा की प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, विधायक हरीश चौधरी, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल समेत कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
पायलट ने गोरधन राम कड़वासरा के सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इससे पहले उन्होंने बाड़मेर के वीरेंद्र धाम में छात्रों के साथ समय बिताया। वीरेंद्र धाम का निर्माण पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हेमाराम चौधरी ने अपने दिवंगत पुत्र वीरेंद्र चौधरी की स्मृति में कराया है। यह केंद्र ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले विद्यार्थियों के रहने, पढ़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए बनाया गया है।

