राजस्थान निकाय चुनाव:बीजेपी ने जारी किया ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’,शहरों को आधुनिक बनाने का दावा

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 2 सितंबर 2026: राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को अपना ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र 2026’ जारी किया। जयपुर के होटल शकुन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया।

बीजेपी ने इस संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों के दौरान प्रदेश के शहरों में आवास, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और हरियाली जैसी सुविधाओं के विस्तार का वादा किया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बीजेपी घोषणा पत्र की जगह संकल्प पत्र जारी करती है।

उन्होंने कहा, “घोषणा पत्र घोषणा करने का होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने का संकल्प होता है।”

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ओर से जारी संकल्प पत्र के 78 फीसदी वादे सरकार ने 32 महीने में पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि अब नगरीय निकायों के लिए जारी किए गए संकल्प पत्र के जरिए शहरों के विकास को नई दिशा दी जाएगी।

एक लाख आवासीय भूखंड और 7 लाख से ज्यादा PNG कनेक्शन का वादा

बीजेपी के संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों में अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के लिए एक लाख आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही गई है।

इसके अलावा 7 लाख से अधिक घरों में PNG कनेक्शन, महिलाओं के लिए 2,000 पिंक टॉयलेट्स और नए तथा बाहरी आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र’ स्थापित करने और पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स, सीएनजी ऑटो और टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का भी वादा किया गया है।

सफाई और सीवरेज पर जोर

बीजेपी ने शहरों में आधुनिक वेंडिंग जोन और जरूरत के मुताबिक पार्किंग स्थल विकसित करने की बात कही है। नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में फूड कोर्ट बनाने का भी प्रस्ताव है।

डंपिंग साइट पर वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

पार्टी ने अगले पांच वर्षों में करीब 3,000 किलोमीटर पुरानी सीवर लाइनों की मरम्मत और विस्तार करने की दिशा में काम करने की बात कही है।

CCTV से निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नगरीय निकाय क्षेत्र में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाएगी।

यातायात और पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास, पुल और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने की बात कही गई है। शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए रिंग रोड के निर्माण की दिशा में भी काम करने का वादा किया गया है।

भवन निर्माण से जुड़े नक्शों की फाइलों के ऑनलाइन निस्तारण की प्रक्रिया को सरल बनाने और इन्हें एक सप्ताह में निपटाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

AI, ई-बस और आधुनिक तकनीक पर जोर

संकल्प पत्र में नगरीय सेवाओं को तकनीक से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। खराब सड़कों और सीवर लाइनों की जांच के लिए CCTV सर्वे और सड़क खोदे बिना मरम्मत के लिए ट्रेंचलेस तकनीक के इस्तेमाल की बात कही गई है।

सीवरेज सफाई के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए रोबोटिक मशीन और डिजिटल गैस डिटेक्टर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी, रोजगार मेलों और नगर निगमों में इंटर्नशिप की व्यवस्था करने की बात कही गई है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए EV चार्जिंग पॉइंट्स और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अभय कमांड सेंटरों को AI तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य भी रखा गया है।

हरित शहर और ई-बस सेवा का वादा

बीजेपी ने प्रत्येक नगरीय निकाय में नगर वन और ‘लवकुश वाटिका’ विकसित करने, ग्रीन बेल्ट और ग्रीन एरिया बढ़ाने तथा वर्षा जल संचयन की व्यवस्था मजबूत करने का वादा किया है।

प्रभावित निकायों में पेयजल आपूर्ति सुधारने और घरेलू क्षेत्र में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही गई है।

नगर निकायों की सीमा में शामिल नए गांवों में सीवरेज, पानी, सफाई, कचरा संग्रहण, सड़क, रोड लाइट और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने का भी प्रस्ताव है।

सभी नगर निगम क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के लिए ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में काम करने की बात कही गई है। इसमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का दावा किया गया है।

विरासत स्थलों और कमजोर वर्गों पर भी फोकस

संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के जरिए एससी, एसटी, पात्र ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्गों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट्स विकसित करने, हाईराइज इमारतों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और ऐतिहासिक हवेलियों, हेरिटेज स्थलों, तालाबों, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के संरक्षण की बात कही गई है।

मदन राठौड़ बोले- “हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं”

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र नगरीय क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गारंटी पर जनता को भरोसा है और बीजेपी जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राठौड़ ने दावा किया कि पिछली सरकारों ने पांच साल में जितना काम किया, उससे अधिक काम मौजूदा सरकार ने दो साल में किया है।

13 सदस्यीय समिति ने तैयार किया संकल्प पत्र

बीजेपी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र तैयार करने के लिए 2 अगस्त को 13 सदस्यों की समिति गठित की थी।

समिति में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, राजेंद्र कुमार गहलोत, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता और पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर समेत 13 सदस्य शामिल थे।

पार्टी के मुताबिक, इस समिति ने करीब 30 दिनों में संकल्प पत्र तैयार किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश की 309 नगरीय निकायों में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में काम किया है।

उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब तक 1.70 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.25 लाख से अधिक भर्ती कैलेंडर जारी किए गए हैं।

बीजेपी का कहना है कि ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र 2026’ का उद्देश्य शहरों को केवल सड़कों और इमारतों के स्तर पर विकसित करना नहीं, बल्कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधासंपन्न, तकनीक आधारित और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।