जयपुर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 11 तारीख को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और स्थानीय नागरिकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत वार्ड 7 से की। उन्होंने जेपी कॉलोनी स्थित श्री लीलाधारी हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर भाजपा की पार्षद प्रत्याशी पूजा शर्मा के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
इसके पश्चात दिया कुमारी ने वार्ड 1 में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रोड शो में हिस्सा लिया। रोड शो में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी निभाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह नजर आया। वहीं वार्ड 2 और वार्ड 5 में आयोजित रैलियों के माध्यम से उन्होंने लोगों से जनसंपर्क किया।
वार्ड 3 और 4 में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में भी उपमुख्यमंत्री ने सहभागिता की और स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वीकेआई एसोसिएशन भवन में क्षेत्र के व्यापारियों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर सार्थक चर्चा की गई और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ।
इसके अलावा वार्ड 8, 9, 11, 13 और 17 में भी जनसंपर्क के दौरान लोगों में चुनाव को लेकर जोरदार उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह उपमुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। दिया कुमारी ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए आगामी चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह दिखाई दिया। उपमुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील की वह लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

