जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार हुए 45 वर्षीय राहुल झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सीकर जिले के रींगस इलाके से पकड़ा गया। करधनी थाना पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से उसकी तलाश की थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद पुलिस की स्पेशल टीम उसकी तलाश में जुटी थी। टीम को रींगस के पास उसके घूमने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने एक होटल के आसपास निगरानी शुरू की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर होटल से बाहर निकला, तभी टीम ने उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह चेहरा ढककर घूम रहा था।
खाटूश्यामजी पहुंचा था आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जयपुर से भागने के बाद राहुल झा खाटूश्यामजी के दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद उसने एक होटल में कमरा लिया। उसके पास खर्च के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने कथित तौर पर अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की।
बताया गया है कि होटल संचालक ने अंगूठी के बदले 500 रुपये देने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी होटल से निकलकर रींगस पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घर में मिले पत्नी और तीन बेटियों के शव
पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को गीता झा (40), नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के शव मिले।
पुलिस के मुताबिक, गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला, जबकि तीन बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों में मिले। घटनास्थल से राहुल के खून से सने कपड़े और उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। मोबाइल बंद था।
पुलिस को जहर देने के बाद हत्या का शक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राहुल झा कर्ज में डूबा हुआ था और शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आर्थिक परेशानी को एक वजह माना जा रहा है।
पुलिस को शक है कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी और बेटियों को खाने में जहर मिलाकर दिया था। इसके बाद उसने सुबह उठकर उनकी हालत देखी।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी को आशंका थी कि जहर देने के बावजूद वे जिंदा हो सकती हैं। इसके बाद उसने घर के बाहर रखी करीब डेढ़ फीट लंबी और लगभग 10 किलो वजनी सीमेंट की पट्टी से कथित तौर पर उनके सिर और चेहरे पर वार किए।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े बदले और घर से निकल गया।
पिता को चाय पिलाने के बाद घर से निकला
जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल ने सुबह करीब सात बजे दूध वाले से दूध लिया था। इसके बाद उसने अपने 85 वर्षीय पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाई।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद राहुल ने पिता से बाहर जाने की बात कही और घर से निकल गया। उसका मोबाइल फोन घर पर ही रह गया था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह, घटनाक्रम और जहर दिए जाने समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

