17 साल से फरार नशा तस्कर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार,राजस्थान ANTF का ‘ऑपरेशन विषधरासिम’ सफल

Jaipur Rajasthan

राजस्थान पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में कार्रवाई करते हुए 17 साल से फरार चल रहे एक इनामी नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शबीर अहमद खान उर्फ हाजी के रूप में हुई है। उस पर राजस्थान पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

ANTF के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर चरस की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा था। राजस्थान पुलिस ने साल 2009 में दिल्ली से अहमदाबाद जा रही ट्रेन में चरस की बड़ी खेप पकड़ी थी। जांच में सामने आया था कि जम्मू-कश्मीर से गुजरात तक फैले इस नेटवर्क का कथित सूत्रधार हाजी उर्फ शबीर अहमद था। कार्रवाई के बाद वह फरार हो गया और करीब 17 साल तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।

राजस्थान से जम्मू-कश्मीर तक बनाया नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में चरस की खेती और स्थानीय कारोबार पर सख्ती बढ़ने के बाद आरोपी ने दूसरे राज्यों में बड़ी मात्रा में चरस भेजने का नेटवर्क विकसित किया। बताया गया है कि उसने राजस्थान और अन्य राज्यों में संपर्क बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिशियन कॉन्ट्रैक्टर का ए-क्लास कार्ड बनवाया और ठेके लेने शुरू किए। इसी दौरान दूसरे राज्यों के लोगों से उसकी पहचान बढ़ी, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नशे के कारोबार का नेटवर्क फैलाने में किया गया।

तीन दिन तक निगरानी के बाद मिली कामयाबी

ANTF की टीम अनंतनाग पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग तरीकों से निगरानी की। टीम ने संदिग्ध ठिकानों और आसपास के इलाकों में तीन दिन तक नजर रखी। इसी दौरान एक ग्रे रंग की 800 कार वहां आती दिखाई दी। टीम ने कार का पीछा किया, जो आरोपी के घर के बाहर जाकर रुकी।

इसके बाद ANTF ने जम्मू-कश्मीर पुलिस को मौके पर बुलाया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर दबिश दी गई और शबीर अहमद उर्फ हाजी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की भी अहम भूमिका

ANTF के आईजीपी विकास कुमार के मुताबिक, टीम ने गोपनीय तरीके से लगातार सूचनाएं जुटाकर आरोपी के संभावित ठिकाने की पहचान की। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस का सहयोग लिया गया। स्थानीय पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार करने में मदद मिली।

राजस्थान ANTF ने कार्रवाई में शामिल टीमों को सम्मानित करने की बात भी कही है। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपराधियों से जुड़ी सूचना ANTF कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2502877 या WhatsApp नंबर 9261225056 पर देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।