पंचायत चुनाव को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा की भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील,बोले- ‘हर सीट पर जीत के लिए पूरी ताकत लगाएं’

Rajasthan Rajasthan-Others

प्रतापगढ़, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं में निहित है। कार्यकर्ताओं की संकल्प, समर्पण और मेहनत के बल पर ही बीजेपी को निकाय चुनाव में शानदार जीत मिली है और अब आगामी पंचायत चुनाव में शत प्रतिशत जीत के लक्ष्य के साथ काम करना है। प्रत्येक ग्राम पंचायत,पंचायत समिति एवं जिला परिषद वार्ड में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

मुख्यमंत्री शनिवार को प्रतापगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। वहीं, राज्य की डबल इंजन सरकार ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम किया है, और सिर्फ ढाई साल में ही लोकहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए जनकल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। किसान सम्मान निधि, पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इतना ही नहीं, विधायकों की ओर से जनता की आवश्यकताओं और विकास कार्यों से संबंधित जो मांगें सरकार के सामने रखी गईं, उन सभी को पूरा करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए चुनावी रणनीति की कमान संभालनी होगी। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद वार्ड की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सक्रिय किया जाए। नगरीय निकायों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी पंचायत चुनाव की जिम्मेदारियां दी जाएं, ताकि संगठन की पूरी शक्ति के साथ चुनावी मैदान में उतरकर प्रत्येक सीट पर जीत का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन के सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने अपने संबोधन में पार्टी के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक नेता कार्यकर्ता के रूप में संगठन में सक्रिय रहे और आगे चलकर विधायक, सांसद एवं मंत्री बने। यही भाजपा संगठन की विशेषता है कि समर्पित कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वन स्टेट, वन इलेक्शन की दिशा में आगे बढ़ने से बार-बार होने वाले चुनावों में लगने वाला समय और संसाधन बचेंगे तथा सरकार एवं प्रशासन को विकास कार्यों पर अधिक समय देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी मशीनरी और सार्वजनिक संसाधनों पर अतिरिक्त भार पड़ता है। एक साथ चुनाव होने से बचने वाले संसाधनों का उपयोग विकास कार्यों में किया जा सकेगा।