भरतपुर/जयपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। प्रदेश में 309 नगर निकायों में से 204 में भाजपा का बोर्ड बना है। भरतपुर के 32 निकायों में से 23 में भाजपा का बोर्ड बनना राज्य में संगठन की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना के बिड्यारी में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में बनी ट्रिपल इंजन की सरकार संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायतीराज चुनावों में इसी ऊर्जा, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ लगने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति करती है। उनके कार्यकाल में प्रदेश भ्रष्टाचार और कुशासन का अड्डा बन गया था। 33 माह के कार्यकाल में हमने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। पानी, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य, किसान कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में हमने कांग्रेस से कई गुना अधिक कार्य किया है। हम मेहनत करते है, पर कांग्रेस के लोग केवल दोष मढ़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए स्वयं से बड़ा संगठन और संगठन से ऊपर देश की भावना है। यही ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना हम सभी कार्यकर्ताओं की पहचान है। उन्हांेने कहा कि राष्ट्रीय संकल्पों की सिद्धि में पंचायती राज व्यवस्था अहम कड़ी है। विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प विकसित गांवों के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसलिए पंचायती राज चुनाव को राष्ट्र सेवा का संकल्प मानकर कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जनसंपर्क करने तथा युवाओं, किसानों, गरीब और मातृशक्ति से संवाद स्थापित कर राज्य सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायती राज चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाएं और संगठन को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद स्तर तक मजबूत करें।

