निकाय चुनाव की जीत के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा-इसी संकल्प के साथ पंचायत चुनाव में जुटें भाजपा कार्यकर्ता

Kota Rajasthan

कोटा, 29 सितंबर, 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पंचायत हो या पार्लियामेंट चुनाव, भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, सेवा और समर्पण की बदौलत भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने आह्वान किया कि जिस संकल्प और शक्ति के साथ कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है, उसी के साथ पंचायत चुनाव भी लड़े और पार्टी को विजयी बनाएं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को कोटा के एलन सभागार में कोटा-बूंदी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का मानना है कि चुनाव नेता नहीं जीतता, बूथ का कार्यकर्ता जीतता है। नगरीय निकाय चुनावों में शानदार जीत कार्यकर्ताओं के सेवा, संकल्प और संगठन के लिए समर्पित होकर कार्य करने का ही परिणाम है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 309 नगर निकायों में से 204 में बोर्ड बनाए हैं। इनमें से कोटा जिले के 6 निकायों में से 5 में भाजपा और इटावा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं। यह जीत बताती है कि जनता का भाजपा पर ही भरोसा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी है। निर्वाचित जनप्रतिनिधि इस नवीन दायित्व को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से काम करते हुए जनता की सेवा करें। प्रधानमंत्री के जन सेवा से राष्ट्र सेवा के संकल्प को अपने जीवन में उतारे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंचायती राज चुनावों की तैयारी में जुट जाएं। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर संगठन को और मजबूत करें। हर गांव और हर ढाणी तक सघन जनसंपर्क करें। नए मतदाताओं और मातृशक्ति से संवाद स्थापित करें और सोशल मीडिया का उपयोग कर सरकार की सरकार की योजनाओं और संगठन के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।