सुमेरपुर में सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, पंचायत चुनाव की तैयारी पर जोर

Rajasthan Rajasthan-Others

सुमेरपुर, 30 सितंबर, 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सुमेरपुर में पाली, जालोर, सिरोही के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने निकाय चुनावों में पार्टी को मिले व्यापक जनसमर्थन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर जनता ने विश्वास जताया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 204 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। पाली के सभी 10, सिरोही के 6 में से 5 और जालोर के 5 में से 4 निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं। उन्होंने कहा कि अब इसी जनविश्वास को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटें और हमारी सरकार के विकास मॉडल को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि पाली जिले में पिछले पौने तीन वर्षों में 7,102 करोड़ रुपये, सिरोही में 2,835 करोड़ रुपये तथा जालोर में 1,100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन जिलों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनावों में मेरा बूथ, सबसे मजबूत को मूल मंत्र बनाकर प्रत्येक बूथ, पंचायत और वार्ड में संगठन पूरी सक्रियता से काम करे। युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद रखते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जाए। कार्यकर्ता इस काम को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।