बच्चों के साथ लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मनाई दीपावली,बोले- बच्चों की मुस्कान से रोशन है हमारी दिवाली

Kota Rajasthan

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को ‘मुस्कान भरी दीपावली’ कार्यक्रम के तहत सुपोषित माँ अभियान की लाभार्थी महिलाओं और उनके बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने नमो टॉय बैंक के माध्यम से बच्चों को खिलौने वितरित किए। खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण खुशियों से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर बिरला ने कहा कि हर वर्ष ‘मुस्कान भरी दीपावली’ कार्यक्रम में बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना मेरे लिए विशेष अनुभव होता है, लेकिन इस बार यह अवसर और भी आत्मीय रहा। सुपोषित माँ अभियान से जुड़ी बहनों और उनके बच्चों के साथ दीपावली मनाने का अवसर मिला। इन परिवारों से उनका रिश्ता केवल आज के कार्यक्रम का नहीं, बल्कि अभियान के माध्यम से बना एक भावनात्मक जुड़ाव है।

बिरला ने कहा कि किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ा दीपावली का उपहार और क्या हो सकता है। आज जब नन्हे-मुन्नों को खिलौने मिले और उनके चेहरों पर खुशी दिखाई दी, तो लगा कि दीपावली की खुशियां वास्तव में सार्थक हो गईं।

30 हजार से अधिक माताएं जुड़ीं
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि वर्ष 2020 में सुपोषित माँ अभियान की शुरुआत एक संकल्प के साथ की गई थी कि गर्भवती माताएं स्वस्थ रहें और उनकी होने वाली संतान भी स्वस्थ हो। आज इस अभियान से 30 हजार से अधिक बहनें जुड़ चुकी हैं और लगभग पौने तीन लाख पोषण किट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुपोषित माँ अभियान केवल पोषण सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास नहीं, बल्कि माताओं के स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।

नमो टॉय बैंक से बच्चों तक पहुंच रही खुशियां
बिरला ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद केवल अपने घर में दीप जलाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला करने में है। इसी भावना के साथ दो वर्ष पहले नमो टॉय बैंक की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सक्षम परिवारों के बच्चों में जॉय ऑफ गिविंग की भावना विकसित करना है। साथ ही जरूरतमंद परिवारों के बच्चों तक खिलौने पहुंचाकर उनके बचपन को खुशियों, उमंग और उत्साह से भरना है। इस दौरान शिवज्योति के निदेशक महेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।