जयपुर में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’ पदयात्रा,कांग्रेस पर बरसे अश्विनी वैष्णव और भजनलाल शर्मा

Front-Page Jaipur National Politics Rajasthan

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक निकाली गई इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

पदयात्रा से पहले रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित की गई, जहां बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने और एसआईआर के विरोध के जरिए अराजकता पैदा करने के आरोप लगाए।

अश्विनी वैष्णव बोले- एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया नई नहीं है। आजादी के बाद अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में कई बार यह प्रक्रिया अपनाई गई है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है।

उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं के नाम हटाना, स्थान बदलने वाले मतदाताओं के नाम संशोधित करना और एक से अधिक जगह दर्ज नामों को ठीक करना इस प्रक्रिया का हिस्सा है। वैष्णव ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

ईवीएम के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर मशीनों पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने राहुल गांधी को संसद में आकर तथ्यों और तर्कों के साथ बहस करने की चुनौती भी दी।

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाई

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की बात करने से पहले उसे अपने इतिहास का जवाब देना चाहिए। उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान लोकतंत्र सेनानियों को जेल में डाल दिया गया था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर कई निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त किया था। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस सेना, निर्वाचन आयोग, सुप्रीम कोर्ट, ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल और उसके पांच साल के शासन के बीच तुलना पर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अपने पहले और दूसरे साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख चुकी है और तीसरे साल के कामकाज का ब्यौरा भी देगी।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आरपीएससी नियुक्तियों, जल जीवन मिशन और तत्कालीन मंत्रियों से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेताओं से इन पर जवाब देने को कहा।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस में होड़ मची है कि कौन क्या बोले और मुख्यमंत्री उस पर जवाब दें। राजनीतिक कद बयान देने या जवाब पाने से नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर काम करने से बढ़ता है।”

संजय भाटिया ने बैलेट पेपर से चुनाव का मुद्दा उठाया

बीजेपी प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर एसआईआर को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत लोगों और घुसपैठियों के नाम हटाने तथा दोहरे नामों को ठीक करने की प्रक्रिया पर विपक्ष को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

भाटिया ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर प्रक्रिया को सही मानती है, लेकिन हारने पर ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाती है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी को अपने रवैये पर आत्मचिंतन करना चाहिए।

मदन राठौड़ ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर ऐसे लोगों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया, जो भगवान राम और राष्ट्रीय गीत का अपमान करते हैं।

राठौड़ ने दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के एक महिला पुलिसकर्मी की पीठ पर हाथ रखने की घटना का भी जिक्र किया और उनके व्यवहार की आलोचना की।

पदयात्रा में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

रामलीला मैदान से शुरू हुई पदयात्रा चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट पहुंची। इसमें उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सांसद मंजू शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और डॉ. अरुण चतुर्वेदी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा में बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने और जनता के बीच जाकर अभियान का संदेश पहुंचाने की अपील की।