दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम भजनलाल शर्मा,बोले- अंतिम व्यक्ति की खुशहाली ही असली रामराज्य

Jaipur Rajasthan
जयपुर, 7 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सनातन संस्कृति, विरासत और संस्कारों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। यह पर्व प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने सभी को साथ लेकर चलने का काम किया। हमें भी भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान का सपना साकार करना है। 

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सांगानेर में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली से ही रामराज्य की परिकल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र एवं राज्य सरकार गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि हाल ही में जारी वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के विचार को आत्मसात करते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विगत पौने तीन वर्षों से राजस्थान की जनता की सेवा में एक सेवक के रूप में जुटी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए ‘यही समय है-सही समय है‘।

इस अवसर पर उन्होंने सपत्नीक उपस्थित रहकर जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की और मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।