उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शनिवार को 10वां दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए गए। रोशनी से जगमगाते घाटों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान खींचा।
दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो के जरिए रामायण के प्रसंग दिखाए गए। वहीं, 2100 ड्रोन की मदद से विशेष शो आयोजित किया गया। सरयू तट पर 2147 अर्चकों ने एक साथ महाआरती की। इसके बाद आतिशबाजी भी हुई।
इस भव्य आयोजन को देखने के लिए मुंबई, गुजरात, बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंचे।
21 झांकियों में दिखाई गई रामायण के सात कांडों की झलक
मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम से पहले अयोध्या में करीब तीन घंटे तक शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 21 झांकियां शामिल थीं, जिनके जरिए रामायण के सातों कांडों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रकाश और ध्वनि शो के साथ रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन भी किया गया।
इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति बोले- अयोध्या केवल स्मार्ट सिटी नहीं, आध्यात्मिक नगरी है
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दीपोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान राम को धर्म, करुणा और आदर्श आचरण का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन सिखाता है कि महानता सत्ता या पद से नहीं, बल्कि चरित्र और कर्तव्य के प्रति समर्पण से आती है।
अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल स्मार्ट सिटी या सोलर सिटी नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक नगरी है। उन्होंने राम मंदिर को हिंदू समाज के आत्मसम्मान का प्रतीक भी बताया।
सीएम योगी बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वाले माफी मांगें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या ने लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद अपनी सांस्कृतिक पहचान को फिर से स्थापित किया है।
योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों और संतों पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठियां बरसाईं, उन्हें अयोध्या आने से पहले माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “रामभक्तों से माफी मांगें, संतों से माफी मांगें और अपने कृत्यों पर पश्चाताप करें।”
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के लिए माफी मांगने की बात कही।
राम मंदिर आंदोलन से अयोध्या के विकास तक का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय अयोध्या में हवाई अड्डा बनाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन अब यहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिली है।
योगी ने कहा कि पहले दीपोत्सव के आयोजन पर भी सवाल उठाए जाते थे, लेकिन आज राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और अयोध्या में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
सुरक्षा के लिए 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के 500 साल के इतिहास, राम जन्मभूमि आंदोलन और शहर में हुए आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

