उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के काफिले की गाड़ी का आगरिया में एक्सीडेंट,ड्राइवर घायल,इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती

Jaipur Rajasthan

कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ की मां के निधन के बाद बुधवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी आगरिया पहुंची। यहां उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किए। करीब 30 मिनट वे यहां रूकी। इसी बीच पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने गई उनके काफिले की गाड़ी को पास में लड़ रहे मवेशियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।

थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि उप मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल गाड़ी फ्यूल भरवाने के लिए शांतिनाथ चौराहे स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची। उसी समय सामने मवेशी लड़ रहे थे। मवेशियों ने लड़ते हुई काफिले की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान यूपी के गाजियाबाद के खंजरपुर निवासी चालक हरवीर सिंह भी घायल हो गया। जिसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया। इस दौरान एक मवेशी की मौत हो गई।

भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ की माता के  निधन  पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी श्रद्धासुमन अर्पित किए

18 जून को कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ की माता पारस कंवर (90) का निधन हो गया था। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी उनके निवास पर पहुंचकर शोक संतृप्त परिवार से मिली और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उप मुख्यमंत्री के साथ राजसमंद भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह बाहरठ , जिला प्रमुख रतनी देवी जाट , पूर्व विधायक बंशी लाल खटीक सहित आमेट शहर के भाजपा के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पूर्व जयपुर से राजसमंद पहुंची उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का फोरलेन पर जगह जगह स्वागत सत्कार किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए सांसद कार्यकाल में शुरू किए गए मावली – मारवाड़ ब्रॉडगेज, राजसमंद – नाथद्वारा सर्विस लेन, निर्माणाधीन ब्रिज, गैस पाइप लाइन आदि विकास कार्यों के साथ उनकी गुणवत्ता की जानकारी भी ली।