जयपुर में एबीवीपी पुलिस में हुई झड़प:निंबाराम बोले- जो हमसे टकराएगा, मौत अपनी मरेगा; कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से सात सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। जयपुर के गुर्जर की थड़ी से बड़ी संख्या में ABVP के कार्यकर्ता रैली निकाल मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें श्याम नगर मेट्रो स्टेशन पर ही रोक लिया। जहां पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं की झड़प भी हो गई। इसके बाद नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने एबीवीपी के 2 दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। घटनाक्रम से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम भी गुर्जर की थड़ी पर पहुंचे थे।

निंबाराम ने कहा- कुछ वक्त पहले तक देश के शीर्ष पदों पर बैठे हुए व्यक्ति कहते थे- आई एम एक्सीडेंटल हिंदू, मुझे गधा कह दो। हिंदू मत कहो। जिन लोगों को हिंदू शब्द से एलर्जी और परेशानी होती थी। आज वह मंदिर-मंदिर भटक कर मत्था टेक रहे हैं। वह लोग अपनी आइडेंटिटी दे रहे हैं कि हम भी हिंदू हैं। लोगों के बीच गोत्र बताते हुए घूम रहे हैं। कुछ वक्त पहले तक क्या उनके पूर्वजों ने ऐसा किया क्या। आज उन लोगों को हिंदू समझ में आ गया है। हिंदुत्व समझ में नहीं आ रहा है। थोड़े वक्त में उन्हें हिंदुत्व भी समझ में आ जाएगा।

निंबाराम ने कहा- आज समय बदल गया है। हमारे देश में जिस हिंदू को दोयम दर्जे का माना जाता था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा लगातार काम करने से आज हमने हिंदुत्व को लेकर एक विमर्श हमने तैयार किया है। इसी तरह भारत के महापुरुषों को लेकर भी विमर्श तैयार करने के लिए हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि “कभी थे अकेले हुए आज इतने तब ना डरे, तो भला अब क्या डरेंगे, विरोधियों के सागर में चट्टान है हम, जो हमसे टकराएगा मौत अपनी मरेगा”

जयपुर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा- राजस्थान की सरकार रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई थी। पेपर लीक और भ्रष्टाचार ने युवाओं को रोजगार छीन लिया है। प्रदेश में महिला अपराध भ्रष्टाचार और साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। वीरांगनाओं के साथ बदसलूकी की जा रही है। ऐसे में आज हम सात सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर हमें गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन हम डरने वाले नहीं है। हम मर जाएंगे। लेकिन पीछे नहीं हटेंगे और जब तक राजस्थान के युवाओं और जनता को न्याय नहीं मिल जाता हम संघर्ष करते रहेंगे।

ABVP की प्रमुख मांग

  • राजस्थान प्रदेश में पेपर लीक रोकथाम के लिए कड़े कानून को लागू किया जाए। इसके साथ ही पेपर लीक प्रकरण की CBI जांच हो।
  • UPSC की तर्ज पर RPSC और कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आगामी भर्ती परीक्षाओं का भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।
  • राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती जल्द से जल्द की जाए।
  • प्रदेश में महिला उत्पीडन, संगठित अपराध, साइबर क्राइम, भूमाफिया का बढ़ता ग्राफ बेहद चिंताजनक है। इनके खिलाफ सख्त करवाई की जाए।
  • वीरांगनाओं की विभिन्न मांगों का उचित समाधान निकाला जाए।
  • स्कूल और कॉलेज में छात्रा शिक्षा को पूर्ण रूप से निःशुल्क किया। इसके साथ ही बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
  • राजस्थानी भाषा को मान्यता दी जाए।