लंबे अरसे के बाद व्हीलचेयर पर एसएमएस स्टेडियम पहुंचे सीएम गहलोत,शहरी और ग्रामीण राजीव गांधी ओलंपिक खेल की शुरुआत,मंत्रियों और विधायकों ने खेला कबड्डी का मैच

Jaipur Rajasthan Sports

जयपुर:-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लंबे अरसे के बाद शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में शहरी और ग्रामीण राजीव गांधी ओलंपिक खेल की शुरुआत करने व्हील चेयर पर पहुंचे । उन्होंने वहां पर मौजूद खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। और विधिवत रूप से स्टेडियम में झंडा फहरा कर खेल की शुरुआत की। सीएम गहलोत को खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी ली। 

सवाई मानसिंह स्टेडियम में मौजूद खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, जलदाय मंत्री डॉ महेश जोशी, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया,  खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना और खेल परिषद के अध्यक्ष विधायक कृष्णा पूनिया ने कबड्डी का मैच खेला। सीएम गहलोत ने भी इस मैच में हौसला अफजाई की।मंत्रियों और विधायकों के बीच कबड्डी मैच खेला गया। ‘ए टीम’ के कप्तान खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना थे। इसमें चांदना के साथ  खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कुछ खिलाड़ी मौजूद रहे। वहीं, ‘बी टीम’ के कप्तान  जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी रहे। इसमें  कृषि मंत्री लालचंद कटारिया और  खेल परिषद की अध्यक्ष कृष्णा पूनिया,  राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल शामिल थे। इस दौरान पांच अलग-अलग राउंड खेले गए। इसमें जलदाय मंत्री  डॉ. महेश जोशी की टीम ने जीत दर्ज की।

एसएमएस स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की 11 हजार 252 पंचायतों और 535 नगर निकाय में वर्चुअल ओलिंपिक की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ खेल मंत्री अशोक चांदना और राजस्थान कैबिनेट के नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  ने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में हमने पहली बार शहरी और ग्रामीण ओलिंपिक की शुरुआत की है। क्योंकी राजस्थान में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। मैं चाहता हूं, राजस्थान के हर खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिले। इसलिए ओलिंपिक का आयोजन किया जा रहा है।

सीएम गहलोत ने कहा कि मुझे खुशी है कि पिछली बार 30 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस बार 58 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं। राजस्थान को देखकर अब देश के दूसरे राज्यों में भी इस तरह के आयोजन करने की तैयारी की जा रही है।

इससे पहले खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने बताया- 5 अगस्त से 18 सितम्बर तक आयोजित होने वाले राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलिंपिक खेलो में 7-7 खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इनमें ग्रामीण ओलिंपिक में कबड्डी (बालक-बालिका वर्ग), शूटिंग बॉल (बालक वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक-बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक-बालिका वर्ग), फुटबॉल (बालक-बालिका वर्ग) और रस्साकशी (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

वहीं शहरी ओलिंपिक में कबड्डी (बालक-बालिका वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक-बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक-बालिका वर्ग), एथलेटिक्स (100 मी. 200 मी. एवं 400 मी.), फुटबॉल (बालक वर्ग), बास्केटबॉल (बालक-बालिका वर्ग) प्रतियोगिता होगी।