अखिलेश बोले-यूपी में गठबंधन जीतेगा 79 सीटें,लड़ाई ‘क्योटो’ में:लखनऊ में खड़गे बोले-मोदी मंगलसूत्र नहीं काम पर मांगें वोट

Front-Page Loksabha Election National Politics

लखनऊ में बुधवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहे। खड़गे ने कहा- देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। चार चरणों के चुनाव में इंडिया गठबंधन मजबूत दिख रहा है। मोदी की सरकार इस बार नहीं बनेगी। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा- 10 साल दिल्ली और 7 साल यूपी की सरकार ने झूठे वादे किए। इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में 79 सीटें जीत रहा है। वाराणसी का इशारा करते हुए कहा कि ‘क्योटो’ में लड़ाई है। ये 400 पार का नारा इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि देश का संविधान बदलना चाहते हैं। ये पूरे देश की मिली-जुली तहजीब को बदलना चाहते हैं। पूरे देश को एक रंग में रंगना चाहते हैं।

इंडिया गठबंधन के लिए जनता का समर्थन दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में 140 करोड़ की जनता भारतीय जनता पार्टी को 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। भारतीय जनता पार्टी का रथ फंसा नहीं धंस गया है। उनकी भाषा बदली है। देश की जनता बदलाव चाहती है। थार वाली घटना अभी किसान भूले नहीं हैं। उनकी सरकार में लाखों किसानों ने आत्महत्या की है। बुंदेलखंड में बीजेपी का खाता नहीं खुलेगा। वहां भारतीय जनता पार्टी को खंड-खंड कर देंगे।

बीजेपी की बूथ कमेटी बनी अब लूट कमेटी

अखिलेश ने कहा- चौथे चरण का चुनाव खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी का झूठ जितना पहाड़ चढ़ना था चढ़ चुका है। चोटी से अब उतरना शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी अपने ही नरेटिव में उलझ गई है। बीजेपी की बूथ कमेटी अब लूट कमेटी बन गई है।

उन्होंने कहा- आने वाले समय में 140 करोड़ की जनता 140 सीट भी नहीं देगी। नौजवान परीक्षा के पेपर लीक होने से परेशान हैं। भारतीय जनता पार्टी पर अब कोई भरोसा नहीं करेगा। क्योंकि किसी को पता नहीं था कि अग्निवीर योजना आएगी, नोटबंदी हो जाएगी।

इस चुनाव में दो विचारधाराओं की लड़ाई

खड़गे ने कहा- ये चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ गरीबों के पक्ष में लड़ने वाली पार्टी एक होकर लड़ रही है, दूसरी तरफ अमीरों को लेकर चलने वाली पार्टी है। हमारी लड़ाई गरीबों के लिए है। जिनको एक वक्त का खाना भी नहीं मिलता। जिनको नौकरी नहीं मिल रही है।

24 के चुनाव से बनेगा देश का भविष्य

खड़गे ने कहा- सरकारी संस्थानों में पद खाली हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनको भरने के लिए राजी नहीं है। हमारी पार्टी बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ लड़ रही है। हम लोग अमीर और गरीब के अंतर को मिटाने के लिए लड़ रहे हैं। मैंने अब तक नहीं देखा कि 26 पार्टी मिलकर एक साथ खड़ी हों, यह देश का भविष्य बनाने वाला चुनाव है। हमारी आगे की पीढ़ी को बचाने की लड़ाई है।

मैं थोड़ा लड़ाकू रहने के कारण अब तक जिंदा हूं, मैंने बहुत से चुनाव लड़े और आप लोगों की दुआ से कांग्रेस में रहकर जीत मिली। 2019 में हार हुई, लेकिन परवाह नहीं है। रिजर्वेशन लेने वाले थोड़े लोग हो सकते हैं, लेकिन देश के संविधान को बचाने के लिए हम सबको लड़ना होगा।

संविधान को बदलने की हो रही कोशिश

हम आपके लिए आपकी तरफ देख कर काम कर रहे हैं। बीजेपी के लोग जहां मजबूत हैं, वहां हमारे लोगों को नॉमिनेशन डालने से रोक रहे हैं। डराने का काम कर रहे हैं। देश को हमने बहुत कुछ दिया है। गांधी जी ने आजादी दिलाई। समानता के लिए उन्होंने पूरी कोशिश की। वही संविधान चल रहा है लेकिन ये लोग उसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

मंगलसूत्र नहीं, अपने काम के दम पर वोट मांगे

खड़गे ने कहा- मोहन भागवत कहते थे अगर हम आएंगे तो बदलाव लाएंगे। लेकिन मोदी उनको क्यों नहीं निकालते जो संविधान को बदलने की बात करते हैं। बार-बार अपने भाषण में मटन-चिकन और मंगलसूत्र की बात करते है। अगर वोट मांगना है तो अपने काम के दम पर वोट मांगे।

आज मैनें सुना की वो कह रहे थे कि मैं गरीब मां का बेटा हूं, लेकिन अपने लोगों को सुधारने के लिए कुछ नहीं करते। अपने नेताओं को नहीं समझाते। मोदी इतना झूठ बोलते हैं कि उसकी कोई सीमा नहीं। वो कहते हैं अगर तुम्हारे घर दो भैंस हैं तो एक मुसलमान को दे देंगे।

हमारी गारंटी 10 किलो राशन देंगे

खड़गे ने कहा- हमारी सरकार आने पर हम जातीय जनगणना करने वाले हैं। अलगाव के लिए नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के अनुसार पॉलिसी बनाने के ऐसा किया जाएगा। कांग्रेस को जितनी गालियां देते हैं, उतना राम का नाम भी नहीं लेते होंगे। आप 5 किलो राशन देने की बात करते हैं, लेकिन फूड सिक्योरिटी एक्ट तो हमने लाया। अगर गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो राशन देंगे। इसकी मैं गारंटी लेता हूं।