एक महीने में कर्नाटक के तीसरे दौरे पर अमित शाह, विजय संकल्प रथ यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

Front-Page National Politics

नई दिल्ली:-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। बीते एक महीने में यह अमित शाह का कर्नाटक का तीसरा दौरा है। राज्य में इसी साल विधानसभा का चुनाव होना है। जिसकी तैयारी में बीजेपी पूरी जोर-शोर से जुटी है। दक्षिण में कर्नाटक एक मात्र ऐसा राज्य है, जहां बीजेपी में सत्ता में है। अपनी सत्ता को बरकरार रखने के लिए कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का ताबड़तोड़ दौरा जारी है। एक दिन पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे थे। राजनाथ सिंह ने विजय संकल्पप रथ को रवाना किया था। आज अमित शाह कर्नाटक के बीदर और देवनहल्ली में विजय संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा वो कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ भी करने वाले हैं।

मई में कर्नाटक में विधानसभा चुनाव-

गृहमंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के दौरे पर हैं। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कर्नाटक में शाह की इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि मई में कर्नाटक विधानसभा के चुनाव होने की संभावना हैं। इसी को लेकर अमित शाह बीदर और देवनहल्ली में दो विजय संकल्प रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।


बेंगलुरु सेफ सिटी प्रोजेक्ट का करेंगे शुभारंभ-

अमित शाह ने कर्नाटक रवाना होने से पहले ट्वीट कर कहा कि कर्नाटक के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां बीदर और देवनहल्ली में दो विजय संकल्प रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाऊंगा। इसके बाद शाम को बेंगलुरु सेफ सिटी प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। दौरे की शुरुआत में शुक्रवार सुबह अमित शाह गुरुद्वारा श्री नानक झिरा साहिब और चेन्नाकेशव मंदिर में दर्शन भी करेंगे।

कर्नाटक में भाजपा की लड़ाई संघर्षपूर्ण-

सूत्रों के मुताबिक अमित शाह कर्नाटक भाजपा के बड़े नेताओं के साथ एक बैठक भी कर सकते हैं। दरअसल कर्नाटक की लड़ाई भाजपा के लिए संघर्षपूर्ण मानी जा रही है। यही वजह है कि अमित शाह का एक महीने में कर्नाटक का ये तीसरा दौरा है। बता दें कि कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर्नाटक पहुंचे थे। जहां उन्होंने शिवमोग्गा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।