एनिमल का वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹500 करोड़ के पार:सिर्फ 6 दिनों में कमाए;इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ₹300 करोड़ से ज्यादा कमाई की

Entertainment

मुंबई:-एनिमल ने वर्ल्डवाइड 527.60 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। रणबीर कपूर की इस फिल्म ने रिलीज के छठे दिन यह कारनामा किया है। यह उनके करियर की दूसरी बेस्ट फिल्म बन गई है। इसने ब्रह्मास्त्र के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

ब्रह्मास्त्र ने 418 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। एनिमल के आगे अब रणबीर कपूर की 2018 की रिलीज फिल्म संजू है, जिसने पूरी दुनिया में 586 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था।

डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर भी एनिमल ने 300 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। बुधवार को फिल्म ने 29.61 करोड़ रुपए का डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। देश में फिल्म का टोटल कलेक्शन 312.96 करोड़ रुपए हो गया है। ये आंकड़े सभी भाषाओं के हैं।

पहले 6 दिनों में शाहरुख की जवान से पीछे, लेकिन पठान को पछाड़ा
हर दिन के साथ एनिमल एक नया रिकॉर्ड बना रही है। हालांकि यह शाहरुख की फिल्म जवान से अभी भी पीछे चल रही है। जवान ने पहले 6 दिनों में 345.08 करोड़ रुपए का डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।

एनिमल ने 312.96 करोड़ रुपए इन 6 दिनों में कमा लिए हैं। जवान न सही, लेकिन इसने शाहरुख की एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म पठान को जरूर पीछे कर दिया है। पठान ने पहले 6 दिनों में 307.25 करोड़ रुपए की कमाई की थी।

इस वीकेंड तगड़ा कलेक्शन करेगी फिल्म, पठान और गदर-2 का रिकॉर्ड टूटना तय: सुमित कडेल
ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल ने दैनिक भास्कर को एक्सक्लूसिवली कहा- फिल्म ने हर दिन 30 करोड़ से ज्यादा कमाई की है। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। इस वीकेंड फिल्म बहुत तगड़ा बिजनेस करने वाली है।

शनिवार को फिल्म 35 करोड़ तक कमा सकती है। रविवार को यह आंकड़ा 40 करोड़ से भी ज्यादा हो सकता है। सोमवार को इसका प्रदर्शन बताएगा कि क्या यह फिल्म शाहरुख खान की ‘जवान’ (643.87 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ सकती है या नहीं। एनिमल, पठान और गदर-2 के रिकॉर्ड को तो पीछे कर देगी, इसमें कोई शक नहीं है। एनिमल दूसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनने जा रही है।

हालांकि आने वाले वक्त में एनिमल के शोज कम हो सकते हैं। सैम बहादुर के साथ इसके शोज ट्रांसफर होंगे। इस वजह से फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। दूसरी तरफ चेन्नई में भारी बारिश और तूफान की वजह से लोग थिएटर्स में कम ही जा रहे हैं। ऐसे में वहां के आंकड़े भी मामला खराब कर सकते हैं।

लोगों ने सोचा 20 दिसंबर तक दम तोड़ देगी फिल्म- रोहित जायसवाल
फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एक्सपर्ट रोहित जायसवाल ने कहा- एनिमल के आंकड़े ऐतिहासिक हैं। फिल्म पहले हफ्ते में 340 करोड़ रुपए से ज्यादा कलेक्शन करेगी, जो अपने आप में शानदार बिजनेस है। वर्ल्डवाइड भी यह आंकड़ा 560 करोड़ से ज्यादा रहने वाला है।

इस वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग नंबर्स भी बेहतरीन हैं। शनिवार दोपहर 3 बजे से लेकर रविवार रात 9 बजे तक शोज जल्दी-जल्दी भर रहे हैं। लोगों ने सोचा था कि फिल्म 20 दिसंबर तक दम तोड़ देगी। हालांकि ऐसा नहीं होगा। फिल्म को लेकर पॉपुलैरिटी इतनी है कि डंकी और सालार के रिलीज के बाद भी एनिमल को शोज मिलते रहेंगे।

निगाहें अब संजू के लाइफटाइम कलेक्शन पर
रणबीर कपूर की 2018 में रिलीज हुई फिल्म संजू ने वर्ल्डवाइड 586 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। यह रणबीर की अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है। एनिमल जिस रफ्तार से कमाई कर रही है, आने वाले एक-दो दिनों में इससे भी आगे निकल जाएगी।

सैम बहादुर की कमाई 35 करोड़ हुई
अब एनिमल के साथ रिलीज हुई विक्की कौशल की फिल्म सैम बहादुर की बात करते हैं। इस फिल्म ने अब तक 35.85 करोड़ रुपए का टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है। बुधवार को फिल्म ने 3.30 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है।

सैम बहादुर को एनिमल के साथ क्लैश का बहुत नुकसान हुआ है। अगर यह फिल्म सोलो रिलीज होती तो अब तक 50 से 70 करोड़ रुपए के आंकड़े पर खड़ी रहती।

रोहित जायसवाल ने सैम बहादुर के बिजनेस पर भी बात की। उन्होंने कहा- सैम बहादुर को जितना कलेक्शन करना चाहिए था, उसने किया है। हम यह नहीं कह सकते कि इसका प्रदर्शन खराब है। वीकेंड पर इसे भी थोड़ा फायदा हो सकता है।