कर्नाटक में एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री का उद्घाटन:PM ने राफेल डील को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- HAL का यह प्लांट उनका जवाब

Front-Page National

बेंगलुरु:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक के तुमकुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की हेलिकॉप्टर फैक्ट्री का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (LUH) का भी अनावरण किया। मोदी ने अपने संबोधन में राफेल डील को लेकर कांग्रेस का नाम लिए बिना निशाना साधा।

प्रधानमंत्री ने कहा- यही HAL है जिसे बहाना बनाकर हमारी सरकार पर तरह-तरह के झूठे आरोप लगाए गए। राफेल जेट को लेकर लोगों को भड़काया गया और संसद का समय बर्बाद किया गया।

झूठ कितना भी बड़ा क्यों न हो, अंततः उसकी हार ही होती है। HAL की ये हेलिकॉप्टर फैक्ट्री, HAL की बढ़ती ताकत बहुत से पुराने झूठों और झूठे आरोप लगाने वालों का पर्दाफाश कर रही है। यह फैक्ट्री विपक्ष के आरोपों का जवाब है। सच आज सामने आ रहा है।

यह एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्ट्री है। यह 615 एकड़ में फैली हुई है। PM मोदी ने 2016 में इसकी नींव रखी थी। शुरुआत में यहां लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (LUH) बनाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि यह फैक्ट्री भारत की हेलिकॉप्टरों की जरूरत पूरा करने में सक्षम है। LUH स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित 3-टन कैटेगरी का सिंगल इंजन वाला हेलिकॉप्टर है। शुरुआत में इस फैक्ट्री में हर साल करीब 30 हेलिकॉप्टर बनाए जाएंगे।

फिर हर साल इसकी क्षमता को 60 से 90 हेलिकॉप्टर की दर से बढ़ाया जा सकता है। LUH का फ्लाइट टेस्ट हो चुका है। यहां 20 साल में 1000 से अधिक हेलिकॉप्टर बनेंगे।

कर्नाटक में ड्रोन से लेकर तेजस विमान बनाए जा रहे हैं
PM मोदी ने कहा कि कर्नाटक इनोवेशन की भूमि है। प्रदेश में ड्रोन से लेकर तेजस विमान बनाए जा रहे हैं। कर्नाटक निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। PM ने कहा कि भारत अब आधुनिक असॉल्ट राइफल्स से लेकर एयरक्राफ्ट कैरियर और फाइटर जेट्स भी बना रहा है। 2014 से पहले के 15 सालों में जितना निवेश एयरोस्पेस सेक्टर में हुआ उसका 5 गुना पिछले 8-9 वर्षों में हो चुका है। आज हम अपनी सेना को मेड इन इंडिया हथियार तो दे ही रहे हैं बल्कि हमारा डिफेंस एक्सपोर्ट 2014 की तुलना में कई गुना ज्यादा हो गया है।

कर्नाटक को मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा
मोदी ने कहा कि कर्नाटक को मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। इससे यहां रोजगार बढ़ेंगे। यहां डबल इंजन की सरकार ने हर घर को जल और हर खेत को पानी की दिशा में बहुत काम किया है। हमने जलजीवन मिशन में 20 हजार करोड़ का बजट बढ़ाया है। नल से जल का फायदा 11 करोड़ परिवारों तक बढ़ा। इस साल के बजट की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। विकसित भारत के लिए सब जुटें और सब जुड़ें।

इस बार का बजट सबको ताकत देने वाला
भारत जब आजादी के 100 वर्ष बनाएगा, ‌उस सशक्त भारत की नींव इस बार के बजट ने और मजबूत की है। शक्तिमान भारत की दिशा में यह बहुत बड़ा कदम है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में इस बार का बजट बहुत महत्वपूर्ण है। इस बार का केंद्रीय बजट सबको ताकत देने वाला है।

हमने किसानों, आदिवासियों के हित में कई फैसले लिए हैं। यह गांवों को आधुनिक बनाने वाला बजट है। यह बजट श्रीअन्न से छोटे किसानों कों वैश्विक ताकत देने वाला बजट है। ये सर्वप्रिय बजट है। सर्वहितकारी बजट है। सर्वसमावेशी बजट है। सर्व-स्पर्शी बजट है। ये भारत के युवा को रोज़गार के नए अवसर देने वाला बजट है। ये भारत की नारीशक्ति की भागीदारी बढ़ाने वाला बजट है।

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बनेगा भारत
इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाले समय में भारत भूमि विश्व के लिए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र होगी। इसकी शुरुआत हो चुकी है, आज का ये समारोह इसका एक बड़ा प्रमाण है। ये रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्म निर्भरता की यात्रा में एक मील का पत्थर है।

इसके पहले PM मोदी ने बेंगलुरु में इंडिया एनर्जी वीक 2023 का उद्घाटन किया। यह एनर्जी वीक 8 फरवरी तक चलेगा। 3 दिन तक चलने वाले एनर्जी वीक का मकसद रीन्यूबल एनर्जी की तरफ भारत के बढ़ते कदम को हाईलाइट करना है। इसमें दुनिया भर के 30 से ज्यादा मंत्री शामिल हो रहे हैं।

भारत की एनर्जी और उसके फ्यूचर से जुड़ी चुनौतियों और मौकों पर चर्चा करने के लिए 30 हजार से ज्यादा प्रतिनिधि और 500 स्पोक्सपर्सन हिस्सा ले रहे हैं।

PM ने सोलर एनर्जी से चलने वाले कुकिंग सिस्टम, बायो फ्यूल और अनबॉटल्ड ड्रेस को भी लॉन्च किया। इसके बाद मोदी ने एनर्जी इंडिया वीक में आए इन्वेस्टर्स से कहा कि भारत निवेश के लिए दुनिया में सबसे बेहतर जगह है।

PM मोदी के भाषण की 4 अहम बातें…
1. आज करोड़ों लोग गरीबी से निकलकर मिडिल क्लास बने

PM मोदी ने कहा, “आज करोड़ों लोग गरीबी से निकलकर मिडिल क्लास लेवल तक पहुंच गए हैं। गांव में इंटरनेट पहुंचाने 6000 किमी से ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर बिछाए जा रहे हैं। 13 गुना ब्रॉडबैंड यूजर्स बढ़े हैं। इंटरनेट कनेक्शन तीन गुना बढ़े हैं। भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल बनाने वाला देश बन चुका है। भारत के लोग चाहते हैं उन्हें बेहतर सर्विस, इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रोडक्ट मिले।’

2. एनर्जी मिक्स में नेचुरल गैस का हिस्सा बढ़ाना हमारा मिशन
उन्होंने कहा, ‘भारत में एनर्जी की जरूरत और मांग बढ़ती जा रही है। आने वाले समय में कई नए शहर बनने वाले हैं। भारत की एनर्जी डिमांड दुनिया में सबसे ज्यादा होगी। 2030 तक अपने एनर्जी मिक्स में नेचुरल गैस का हिस्सा बढ़ाने के लिए मिशन मोड पर काम हो रहा है। इसे 6% से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। CNG स्टेशन बढ़कर 5 हजार हो गए हैं। गैस पाइप लाइन 22 हजार किमी. से ज्यादा बिछाई जा चुकी है। अगले कुछ साल में इसका नेटवर्क 35 हजार किमी तक पहुंच जाएगा।’

3. अगले 5 साल में ग्रे को ग्रीन से रिप्लेस करेंगे
प्रधानमंत्री बोले- पिछले साल अगस्त में एशिया की पहली 2G एथेनॉल रिफाइनरी की स्थापना की है। एक और सेक्टर जिसमें भारत विश्व में लीड ले रहा है। वह है नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन। इस दशक के अंत तक हम इसके प्रोडक्शन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। अगले 5 साल में ग्रे को ग्रीन से रिप्लेस कर दिया जाएगा।

4. 3 साल में 3 करोड़ से ज्यादा घरों में होगा सोलर कुक टॉप
उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल से बायो फ्यूल पर तेजी से काम हो रहा है। पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को बढ़ाकर 1.5% कर चुके हैं। हम 20% की तरफ बढ़ रहे हैं। बायो फ्यूल आज से 15 शहरों में मिलेगा, इसके बाद देशभर में विस्तार होगा। हर साल 10 करोड़ बॉटल की रिसाइकलिंग का टारगेट है।

भारत में 25 करोड़ से ज्यादा परिवार हैं। 19 करोड़ से ज्यादा परिवार क्लीन कुकिंग से जुड़े हैं। ग्रीन क्लीन कुकिंग को नया आयाम देने वाला है। तीन साल में ही 3 करोड़ से ज्यादा घरों में सोलर कुक टॉप की पहुंच होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *