भारत जोड़ो यात्रा का 14 वां दिन, 2 घंटे देरी से शुरू हुई यात्रा, धर्मगुरुओं से राहुल गांधी का संवाद

Front-Page Rajasthan

Jaipur :  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का 14 वां दिन है। 17 दिसंबर को 1 दिन के ब्रेक के बाद यात्रा आज सुबह दौसा के काला खोह से शुरू हुई। हालांकि यात्रा आज अपने निर्धारित समय सुबह 6 से 2 घंटे देरी से शुरू हुई । राहुल गांधी के दिल्ली से दौसा पहुंचने के चलते यात्रा 2 घंटे देरी से शुरू हुई थी।

यात्रा की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, कैबिनेट मंत्री परसादी लाल मीणा, मुरारी मीणा, ममता भूपेश सहित कई अन्य मंत्री और विधायक भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं।

यात्रा का सुबह 11:30 सिकंदरा पुलिस स्टेशन पर लंच ब्रेक के साथ विराम हुआ, इसके बाद यात्रा दोपहर 3:30 बजे फिर से शुरू होगी और शाम 6:30 बजे मुकुलपुरा यात्रा का समापन होगा और यात्रा का रात्रि विश्राम बांदीकुई के कोर्ट कांप्लेक्स के पास होगा।

यात्रा के दौरान धर्मगुरुओं से राहुल का संवाद
इससे पहले आज यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने धर्म गुरुओं से संवाद किया और उनसे उनके हालचाल जाने, साथ राहुल गांधी ने धर्मगुरुओं से सरकार के कामकाज का भी फीडबैक लिया और दौसा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बारे में भी जाना।

सोमवार को अलवर में होगा यात्रा का प्रवेश
वहीं सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा का अलवर जिले में प्रवेश हो जाएगा। अलवर भारत जोड़ो यात्रा का आखिरी जिला होगा जहां पर मालाखेड़ा में भारत जोड़ो यात्रा की पहली बड़ी जनसभा होगी और उसके बाद 21 दिसंबर को यात्रा अलवर जिले से हरियाणा के मेवात में प्रवेश कर जाएगी और फिरोजपुर झिरका और गुडगांव होते हुए दिल्ली की ओर निकल जाएगी।

राजस्थान में यात्रा 521 किलोमीटर की हो रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे हुए थे जिसके उपलक्ष्य में जहां राहुल गांधी ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपने अनुभव साझा किए थे तो वहीं अल्बर्ट हॉल पर भी यात्रा के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। हालांकि इसके बाद राहुल गांधी दिल्ली पहुंच गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *