राहुल गांधी बीच में यात्रा छोड़कर दिल्ली लौटे:प्रियंका के साथ 6 किमी पैदल चले,कल फिर बागपत में भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ेंगे

Front-Page National Politics

गाजियाबाद :- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को यूपी पहुंची। गाजियाबाद में ​प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। राहुल और प्रियंका करीब 6 किलोमीटर चलने के बाद वापस दिल्ली लौट गए। इस बात की पुष्टि यात्रा से जुड़े सुरक्षा अधिकारी ने की है।

राहुल और प्रियंका एक ही कार से खजूरी पुस्ता रोड होते हुए दिल्ली गए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि राहुल और प्रियंका गांधी कल सुबह दिल्ली से कार से चलेंगे और बागपत पहुंचकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।

प्रियंका बोलीं- राहुल योद्धा, सत्य पथ से डिगेंगे नहीं

इससे पहले लोनी बॉर्डर पर बने मंच पर राहुल और प्रियंका एक साथ नजर आए। प्रियंका के कंधे पर हाथ रखकर राहुल गांधी आगे बढ़ते दिखे। मंच से प्रियंका ने भाई राहुल को योद्धा बताया।

प्रियंका ने कहा, “मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं। अडाणी-अंबानी ने बड़े-बड़े नेता खरीद लिए। देश के सभी PSU खरीद लिए। देश की मीडिया खरीद ली, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न खरीद पाएंगे।”

राहुल सत्य का कवच पहनकर चल रहे, इसलिए ठंड नहीं लगती
प्रियंका ने आगे कहा, “कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, संभावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए। इसके बाद दोनों ने लोगों का अभिवादन किया।” हालांकि मंच पर राहुल ने कोई स्पीच नहीं दी।

UP में 3 दिन में 130 किमी चलेंगे राहुल
UP में यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने दिल्ली में मरघट वाले हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान पुजारी ने उनको गदा भी दी। राहुल की गदा उठाए हुए एक फोटो सामने आई है। भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को शुरू हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी UP में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलने वाले हैं। इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से यात्रा गुजरेगी। यह 11 विधानसभाओं को कवर करेगी।

यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट्स…

  • रालोद प्रमख जयंत चौधरी यात्रा में शामिल नहीं हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- तप कर ही धरती से बनी ईंट छू लेती हैं आकाश ! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा यह अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहे।
  • कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने यात्रा शुरू होने से पहले कहा, “उप्र की हवाएं बता रही हैं, जल्द मौसम बदलने वाला है।”
  • किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं।”
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, “जो दूरियां थीं, वो खत्म हो गईं। यही इस यात्रा की सफलता है।”

राशिद अल्वी बोले- BJP सरकार नफरत की आंधी
पूर्व मंत्री राशिद अल्वी भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “किस-किस तकलीफ का जिक्र किया जाए। पिछले 8 सालों में देश की तकदीर बदल दी। BJP सरकार नफरत की आंधी है। साध्वी प्रज्ञा घरों में छुरी तेज करने के लिए बोलती हैं। कभी बुलडोजर ठीक कराने तो कभी पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। क्या देश के यही मुद्दे हैं? आप रोजगार, नौजवानों, किसानों की बात नहीं करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *