हिमाचल में भारत जोड़ो यात्रा:कांगड़ा में स्टूडेंट्स से मिलने के लिए राहुल गांधी ने सुरक्षा घेरा तोड़ा; सिक्योरिटी ने रोका

Front-Page National

कांगड़ा :-राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज हिमाचल में चल रही है। कांगड़ा में पैदल यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। लंच ब्रेक के बाद इंदौरिया गांव से रवाना होते वक्त रास्ते में वह क्षत्रिय कॉलेज के पास पहुंचे। वहां स्टूडेंट्स उनसे मिलने के लिए सुरक्षा घेरे में घुस आए।

यह देख राहुल गांधी भी सिक्योरिटी लेयर को तोड़ आगे बढ़ गए। स्टूडेंट्स ने उनसे कॉलेज के अंदर आने का अनुरोध किया। स्टूडेंट्स की बात सुन राहुल भी अपनी सिक्योरिटी लेयर से बाहर आए गए, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वह अपनी सिक्योरिटी के साथ आगे बढ़ गए।

CRPF ने कहा था- 2020 से राहुल ने 113 बार तोड़े सुरक्षा नियम
राहुल गांधी की दिल्ली में सुरक्षा में चूक को लेकर कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिकायत की थी। जिसके बाद सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) ने राहुल गांधी की सुरक्षा चूक मामले में गृह मंत्रालय को जवाब सौंपा। CRPF ने कहा कि राहुल ने 2020 से अब तक 113 बार सुरक्षा के नियम तोड़े हैं। कई बार तो उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही सुरक्षा के तय निर्देशों का उल्लंघन किया है। इस बारे में उन्हें समय-समय पर अवगत भी करवाया जाता रहा है।

कश्मीर में राहुल की सुरक्षा को लेकर अलर्ट, कहा- पैदल नहीं, कार से चलें
उधर, कश्मीर में भी सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। एजेंसियों ने कश्मीर में राहुल को पैदल न चलने की सलाह दी।

  • अधिकारियों ने बताया कि राहुल की सुरक्षा को लेकर योजना तैयार कर ली गई है।
  • राहुल को कश्मीर में पैदल चलने के बजाय कार से चलने की सलाह दी गई है।
  • 19 जनवरी को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर पहुंच रही है। यह यात्रा का अंतिम पड़ाव है, 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा 30 जनवरी को कश्मीर में पूरी होगी।

सुबह सेरेमनी के बाद से पैदल चल रहे राहुल
सुबह फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के बाद राहुल गांधी पैदल चल रहे हैं। राहुल गांधी के साथ चल रहे युवा यात्री ‘देख जवानी है कुर्बान, राहुल गांधी तेरे नाल’ नारे लगा रहे हैं। वहीं पंजाब में सुरक्षा चूक के बाद यहां पर राहुल गांधी की सिक्योरिटी डबल की गई है। उनके साथ 400 पुलिस जवान और करीब 100 अफसरों की फौज चल रही है।

शिव मंदिर में की आराधना
यात्रा शुरू होने के बाद राहुल अब काठगढ़ महादेव मंदिर पहुंचे हैं। जहां वह शिव-पार्वती की आराधना कर रहे हैं। इस मंदिर में विराजमान शिवलिंग दुनिया का पहला ऐसा शिवलिंग है, जो 2 भागों में विभाजित है। इसके एक भाग को शिव तो दूसरे को मां पार्वती का रूप माना जाता है। मंदिर में स्थापित शिवलिंग अष्टकोणीय है। शिव के रूप में पूजे जाने वाले शिवलिंग की ऊंचाई तो 8 फीट है, वहीं माता पार्वती के रूप में पूजे जाने वाले हिस्से की ऊंचाई 6 फीट है।

मंदिर में दर्शनों व टी-ब्रेक के बाद चली यात्रा अब बाईं इंदौरिया गांव में रुकी है। यहां दोपहर की ब्रेक ली गई है। अब यात्रा कांगड़ा के इंदौरा में मलोट के लिए रवाना हो गई है। राहुल गांधी तकरीबन 700 मीटर गाड़ी में सफर करेंगे, इसके बाद वह दोबारा पैदल यात्रा करेंगे।

राहुल ने की शिव परिवार स्तुति

हिमाचल में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने इंदौरा में काठगढ़ महादेव मंदिर जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिव परिवार स्तुति मंत्र से यहां के प्राचीन स्वयम्भू आद शिवलिंग की आराधना की। काठगढ़ महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान ओम प्रकाश कटोच ने बताया कि राहुल गांधी बड़ी आस्था और सहज भाव से मंदिर में आए।

उनका स्वागत करते हुए मुख्य मंदिर में ले गए। वहां पुजारी ने विधिवत रूप से उनसे गणेश भगवान, माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करवाई। मंदिर कमेटी प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी ने श्रद्धा भाव से साक्षात अर्धनारीश्वर महादेव के दर्शन करके आशीर्वाद लिया। उन्हें मंदिर के महत्व के बारे में भी बताया गया।

राहुल गांधी आज दिन भर करीब 24 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद राहुल गांधी इंदौरा के मलौट में एक जनसभा संबोधित करके प्रदेश कांग्रेस में जोश भरेंगे।

राहुल बोले- 3-4 लोगों के लिए सरकार चलाई जा रही
यात्रा शुरू करने से पहले मंच से राहुल गांधी ने कहा कि हमने नफरत के खिलाफ यात्रा शुरू की है। देश में बेरोजगारी और महंगाई दो मुद्दों को भी लेकर यह यात्रा शुरू की है। 3-4 लोगों के लिए सरकार चलाई जला रही है। हमारे देश के युवा, किसान और गरीबों के लिए कुछ नहीं कर रही हे। सब देश के सबसे बड़े अरबपतियों की मदद के लिए यह सब करती है। जनता के दिल को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

हम हिमाचल से निकल रहे हैं, हमने हिमाचल के लिए रूट बदल दिया। दुख है कि हम हिमाचल में कम रुक पाए। लेकिन जम्मू कश्मीर 30 जनवरी तक पहुंचना है। हिमाचल में आशाएं और प्यार लेने के लिए आया हूं।

जनसभा के बाद भारत जोड़ो यात्रा पठानकोट में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम भी वहीं होगा। यहां से जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी। कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा लगभग 3200 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद प्रदेश पहुंच रही है।

नफरत दूर कर देश को एकजुट करना मकसद
राहुल गांधी के मुताबिक, इस पदयात्रा का मकसद भाजपा सरकार की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ देश को एकजुट करना है। देश में फैलाई जा रही नफरत, हिंसा को दूर करना, जनता के मन से भय को दूर करना, महंगाई व बेरोजगारी को लेकर जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *