हिंसा की आग में झुलस रहा बिहार: सासाराम में फिर भड़की हिंसा, बिहारशरीफ में गोलीबारी में एक की मौत

Breaking-News Front-Page National

पटना:-बिहार के सासाराम और नालंदा में शनिवार को भी हिंसा हुई। नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर और उस्तार दरगाह के बीच में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इसमें 3 लोगों को गोली लगी है। बाद में इनमें से एक की मौत हो गई।

नालंदा में शुक्रवार को जहां हिंसा हुई थी वहां से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर आज हिंसा हुई है। इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब दोनों पक्षों से कोई वहां मौजूद नहीं था। जिन्हें गोली लगी है उनमें मोहम्मद ताज और शकील अहमद अंसारी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं,गुलशन कुमार की मौत हो गई है। पुलिस पर भी पथराव हुआ है।

इधर, सासाराम के सफ्फुलागंज में शनिवार शाम को फिर बम फेंके गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके के घरों में सघन तलाशी अभियान चलाया है। इसमें 8 और लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस तरह अब तक कुल 25 लोगों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। सासाराम में फिलहाल 5 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

उधर, नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है। गया और भागलपुर में फोर्स की तैनाती की गई है। नालंदा, सासाराम और गया से अब तक 61 लोगों की गिरफ्तार की गई है।

बिहार के 4 जिले रोहतास, नालंदा, भागलपुर और गया में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर शुक्रवार को हिंसक झड़प हुई। इस घटना के बाद पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा
मुंगेर में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया है। दो पक्षों के बीच पथराव और मारपीट हुई है। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई है। कई लोग जख्मी हैं। दो गांव में तनाव को देखते हुए एसडीएम, डीएसपी सहित कई थानों की टीम मौके पर पहुंच गई है। मामला नयारामनगर थाना क्षेत्र के गढ़ीरामपुर गांव का है।

मुख्यमंत्री ने कहा- कड़ी कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा के दौरान जो घटना हुई है, जो दुख की बात है। हमें कल जैसे ही पता चला अलर्ट होकर तेजी से काम किया। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये किसी ने जानबूझकर किया है। हमने निर्देश दिया है कि इस बारे में पूरा पता लगाया जाए।

केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार में रहने के लिए अब हिंदुओं को जज़िया टैक्स देना होगा नहीं तो पलायन करना होगा।

दो थानों में दर्ज की गई 8 FIR
बिहारशरीफ में हुए हिंसक झड़प में 8 FIR दर्ज की गई है। लहेरी थाना में 7 और बिहार थाना में एक FIR दर्ज हुई है। लहेरी थाने में दो FIR पुलिस और पांच FIR लोगों ने की है। शनिवार को उपद्रव वाले इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया। रविवार को धारा-144 हटा दी जाएगी। इंटरनेट बहाल करने का भी निर्णय रविवार को ही लिया जाएगा। इसके अलावा शांति समिति की बैठक सभी वार्ड में की जाएगी।

61 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
बिहारशरीफ में दो पक्षों में झड़प में 6 लोगों को गोली लगी है, जबकि पत्थरबाजी में 22 लोग घायल हैं। पत्थरबाजी के बाद यहां लोगों ने दुकानों में लूटपाट भी की। नालंदा में 27, रोहतास में 26 और गया में 18 की गिरफ्तारी हुई है।

बिहारशरीफ में इस वजह से बढ़ा विवाद
दरअसल, नालंदा के बिहारशरीफ के गगन दीवान मोहल्ले में शोभायात्रा में शामिल कुछ लोग कब्रिस्तान के ऊपर से चढ़ कर जाने लगे। इस दौरान एक पक्ष की ओर से गाली-गलौज होने लगी। फिर पथराव और आगजनी शुरू हो गई। फिलहाल कमिश्नर रवि कुमार और आईजी राकेश राठी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। नालंदा और सासाराम में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

उपद्रवियों ने दुकानों को लूटा
बिहारशरीफ में झड़प के बाद उपद्रवियों ने लूटपाट भी की। नाला रोड स्थित डिजिटल दुनिया नाम की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में उपद्रवियों ने लूटपाट की, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। इसमें दिख रहा है कि 20 से 30 की संख्या में लोग दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर भाग रहे हैं।

बिहारशरीफ में हुई झड़प में ये लोग घायल
नालंदा में गोली लगने से करण कुमार, छोटी नारायण, आकाश कुमार, गोलू कुमार (बिहारशरीफ), पीयूष सिंह और गोलू कुमार (मोहद्दीपुर) घायल हैं।

सासाराम में भारी पुलिस फोर्स तैनात
शुक्रवार को सासाराम में भी शोभायात्रा के दौरान 2 पक्ष आमने-सामने हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इंटरनेट बंद कर दिया गया है। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहाबाद डीआईजी नवीनचंद्र झा ने कहा है कि अभी स्थिति नियंत्रण में हैं, लेकिन तनावपूर्ण है।

गया में शोभायात्रा के दौरान झड़प
गया के चाकंद थाना क्षेत्र में भी रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर दो पक्षों के बीच शुक्रवार शाम जमकर झड़प हुई है। झड़प की सूचना पर पहुंची पुलिस के ऊपर ही एक पक्ष ने पत्थराव कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। दोनों का इलाज बेलागंज सदर अस्पताल में चल रहा है

पथराव के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पथराव करने वाले पक्ष के 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

जानकारी के अनुसार विवाद शुक्रवार की दोपहर से शुरु हुआ था। रामनवमी शोभायात्रा में बजाए जा रहे डीजे और जयघोष बंद कराने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।

धीरे-धीरे माहौल बिगड़ने लगा। पुलिस पहुंची तो पथराव हो गया। एएसपी भरत सोनी के अनुसार स्थिति फिलहाल काबू में है। दोषियों की पहचान की जा रही है।

भागलपुर में भी शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में झड़प
भागलपुर के नवगछिया में शुक्रवार की रात रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। मामला खरिक थाना क्षेत्र का है। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण बन गई थी। मारपीट में एक पक्ष की महिला गंभीर रूप से घायल है।

एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल देर रात तक घटनास्थल पर कैंप करती रही है। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।